चंडीगढ़। आईटीआई और पॉलिटेक्निक विद्यार्थियों को भविष्य की जरूरतों के अनुसार तैयार करने के लिए फ्यूचररेडी स्किल्स: ओरिएंटेशन एवं जागरूकता कार्यशाला हुई। वक्ताओं ने कहा कि आज के बदलते समय में युवाओं को केवल नौकरी नहीं बल्कि लंबी अवधि के कॅरिअर के लिए तैयार करना जरूरी है।
दो दिवसीय कार्यक्रम चंडीगढ़ इंस्टीट्यूट फॉर ट्रांसफॉर्मेशन (सीआईटी) ने नीति आयोग के स्टेट सपोर्ट मिशन के तहत आयोजित किया। इसमें पंजाब यूनिवर्सिटी के स्किल डेवलपमेंट मिशन और निट्टर सहित कई संस्थानों का सहयोग रहा।
उद्घाटन सत्र में वित्त सचिव दीपरवा लाकड़ा मुख्य अतिथि रहे। कार्यशाला में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), इंडस्ट्री 4.0, कार्यस्थल नैतिकता और रोजगार के नए अवसरों पर चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने बताया कि एआई को खतरे के रूप में नहीं, बल्कि सीखने और आगे बढ़ने के साधन के रूप में अपनाना चाहिए। समापन सत्र में यूटी प्रशासन की विशेष सचिव अनुराधा एस चगती ने कहा कि तकनीक के साथ मानवीय मूल्यों को भी महत्व देना जरूरी है।