अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया था राज्य में फॉगिंग में लापरवाही का मुद्दा
कांग्रेस के विधायक गोकुल सेतिया ने सदन में उठाएं फॉगिंग में लापरवाही पर सवाल
पराली, नशा, खेल, राज्य में बीपीएल परिवार के बढ़ने का सदन गूंजा मुद्दा, मंत्री महिपाल ढांडा ने दिए बीपीएल पर जवाब
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। प्रदेश भर में फॉगिंग न होने और फॉगिंग के संसाधनों की कमी का मुद्दा अमर उजाला के उठाने के बाद विधानसभा में भी गूंजा। सिरसा से कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया ने आरोप लगाया कि प्रदेश में फॉगिंग करने में देरी के कारण डेंगू का प्रकोप बढ़ा है। इसके लिए सीधे तौर पर सरकार जिम्मेदार है। सरकार ने समय रहते डेंगू से निपटने की तैयारी की होती तो ऐसे बुरे हालात न बनते। गौरतलब है कि प्रदेश में डेंगू के बढ़ते मामलों को लेकर अमर उजाला लगातार खबरें प्रकाशित कर रहा है। 13 नवंबर के अंक में फॉगिंग के संसाधन न होने के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। इसके साथ ही सदन में पराली जलाने, किसानों पर कार्रवाई, नशे के मामले बढ़ने, खेल व बीपीएल परिवारों से जुड़े मुद्दे भी गूंजे।
गोकुल सेतिया ने कहा कि डेंगू से प्रदेशभर में लोग परेशान हैं। अभी भी फॉगिंग सही तरीके से नहीं हो रही है। लोग फॉगिंग के लिए लगातार फोन कर रहे हैं। सिरसा सिविल अस्पताल के हालात बहुत खराब हैं। यह मात्र एक भवन बनकर रह गया है। अस्पताल में स्पेशलिस्ट डॉक्टरों और अच्छे उपकरणों की कमी है। डेंगू से बचाव के लिए प्लेटलेट्स मशीन भी काम नहीं कर रही।
स्कूलों के बाहर बिकता नशा, बिना पैसा लिए पुलिस नहीं करती सुनवाई
सेतिया ने नशे को लेकर भी पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उनका जिला राजस्थान और पंजाब बॉर्डर पर पड़ता है, इसलिए यहां नशा तेजी से बढ़ता जा रहा है। स्कूलों के बाहर खुलेआम नशा बिक रहा है और पुलिस बिना पैसे लिए सुनवाई नहीं करती। नूंह के विधायक मो. अफताब अहमद ने कहा कि प्रदेश में डंकी रूट से खतरनाक ड्रग्स आ रहे हैं। युवा ड्रग्स से बर्बाद हो रहे हैं। आदित्य देवीलाल चौटाला, कुलदीप वत्स और गीता भुक्कल ने भी नशे का मुद्दा उठाया।
-
बीपीएल पर विपक्ष ने घेरा, मंत्री बोले- हरियाणा समृद्ध राज्य
विधायक अशोक अरोड़ा ने कहा कि प्रदेश में 70 फीसदी लोग बीपीएल श्रेणी के हैं और सरकार प्रति व्यक्ति आय बढ़ने का दावा करती है। इस पर मंत्री महिपाल ढांडा ने जवाब दिया कि देश में 1.20 लाख प्रति वर्ष कमाने वालों को बीपीएल से जोड़ा जाता है, जबकि समृद्ध प्रदेश होने के नाते हरियाणा में यह मानक 1.80 लाख है। भविष्य में समृद्धि बढ़ने पर बीपीएल परिवार के आय का मानक और बढ़ाया जा सकता है।
-
किसान, पराली, प्रदूषण का मुद्दा भी खूब गूंजा
विधायक अशोक अरोड़ा ने कहा कि एक गलती की तीन सजा प्रदेश में किसानों को मिल रही है। पराली जलाने पर एक किसान पर पहले जुर्माना फिर एफआईआर और फिर उसकी रेड एंट्री कर एमएसपी पर फसल बेचने की पाबंदी सरकार लग रही है। विधायक जस्सी पेटवाड़ ने कहा कि किसानों को प्रदूषण का जिम्मेदार ठहराकर बदनाम किया जाता है, जबकि 365 दिन फैक्ट्रियां और वाहन नियम ताक पर रखकर चलते हैं। उन पर सख्ती नहीं होती।
अरोड़ा ने पूछा-कब देंगे महिलाओं को 2100 रुपये
अशोक अरोड़ा ने सीएम नायब सैनी से पूछा कि राज्य में महिलाओं को 2100 रुपये कब देंगे। इस पर सीएम ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया कि जल्द महिलाओं को पैसे देंगे।