चंडीगढ़। सेक्टर 36 स्थित इस्कॉन मंदिर मंगलवार को डेढ़ घंटे के लिए खोला गया। 22 मार्च से लगाए गए लॉकडाउन के बाद पहली इस्कान मंदिर को भक्तों के लिए खोला गया। इस अवसर पर करीब दो सौ भक्तों ने राधा माधव के दर्शन किए।
इस्कॉन के प्रवक्ता अकिंचन प्रियदास ने बताया कि सिर्फ डेढ़ घंटा ही मंदिर को बाहरी भक्तों के दर्शन के लिए खोला गया। इतने दिनों के बाद मंदिर खुलने से भक्त काफी भाव विभोर हुए। उन्होंने बताया कि भक्तों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करवाते हुए भगवान का दर्शन करवाया गया। दर्शन के लिए इस्कॉन प्रबंधन की ओर से वन वे किया गया था। मंदिर में किसी भी भक्त को रुकने नहीं दिया जा रहा था। जो भक्त प्रसाद लेकर आए थे उनका प्रसाद बाहर ही रखवा दिया जा रहा था।
थर्मल स्क्रीनिंग होने के बाद ही भक्तों को मिला मंदिर में प्रवेश
अकिंचन प्रियदास ने बताया कि भक्तों को थर्मल स्क्रीनिंग के बाद मंदिर में प्रवेश दिया गया। उन्होंने कहा कि धीरे धीरे समय बढ़ाया जाएगा। अभी भक्तों के बीच इस तरह की व्यवस्था बनाए रखने के लिए काफी संख्या में वलंटियर की जरूरत पड़ेगी। उन्होंने ने बताया कि सरकार ने जो भी दिशा- निर्देश जारी किए है। उनकी बड़ी- बड़ी होर्डिंग मंदिर की परिसर में लगवाया गया है। ताकि भक्त उन्हें पढ़कर लागू कर सके।
मंदिर में कोरोना को लेकर जारी किए गए दिशा- निर्देश
दस वर्ष से कम और पैंसठ वर्ष से अधिक उम्र के भक्तों को मंदिर न आने के लिए कहा गया है।
वहीं गर्भवती महिलाओं को भी मंदिर आने से मना किया गया है।
सभी भक्तों को मास्क पहनना अनिवार्य है।
सभी भक्तों की थर्मल स्क्रीनिंग होगी और हाथ को भी सैनिटाइज किया जाएगा।
जहां पर मार्क लगा होगा वहीं पर दर्शन के लिए चलना होगा। किसी भी चीज को छूने से मना किया गया है।
साष्टांग दंडवत की मनाही है। चप्पल जूते अपनी गाड़ी में ही रखकर आने के लिए कहा गया है।
बैग या किसी भी प्रकार का पैकेट को मंदिर के अंदर लाने में मनाही है।
दर्शन के समय मंदिर में बैठना मना है। मंदिर में भोग प्रसाद नहीं मिलेगा।