चंडीगढ़। सुखना लेक के गार्डन ऑफ साइलेंस (बुद्ध गार्डन) में रविवार सुबह एक कार्यक्रम के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाकर डांस करने के मामला डीसी विनय प्रताप सिंह तक पहुंच गया है। सामाजिक कार्यकर्ता और एनजीओ रन क्लब की संयोजक पवीला बाली ने डीसी को शिकायत देकर जांच कराने की मांग की है। बाली ने बताया कि उनकी शिकायत पर डीसी ने एसडीएम सेंट्रल को मामले की जांच सौंपी है।
सुखना लेक के गार्डन ऑफ साइलेंस में रविवार सुबह जमकर नियमों की धज्जियां उड़ाई गईं थीं। एक एनजीओ के कार्यक्रम के दौरान काफी तेज आवाज में डीजे बजाया गया और लोगों ने डांस किया। कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारी भी मौजूद थे। सुखना लेक पर सैर करने वाले कई लोगों ने आपत्ति जताई थी। लोग हैरान थे कि साइलेंस जोन में इतनी तेज डीजे बजाने की अनुमति कैसे दी गई।
पविला बाली ने बुद्धा गार्डन में काफी तेज आवाज में डीजे बजाकर लोगों किए गए डांस पर आपत्ति जताते हुए वहां पास में वन्यजीव अभ्यारण्य में वन्य प्राणियों का हवाला भी दिया। कहा कि इससे लेक पर सुबह-सुबह पहुंचे शहर व योग के लिए लोगों को भी परेशानी हुई है। उन्होंने बताया कि लगभग 25 सालों से सैर करते हुए इतनी तेज आवाज में कभी भी सुखना लेक पर डीजे नहीं सुना गया और खास बात यह थी कि मौके वन विभाग के कर्मचारी और अधिकारी भी मौजूद थे लेकिन वह नियमों के उल्लंघन पर मूकदर्शक बने रहे। बाली ने बताया कि सिर्फ यही नहीं, उन्होंने सुबह देखा कि रॉक गार्डन से रोज गार्डन तक प्लास्टिक की बोतलें फेंकी हुईं थीं। कहा कि वह भी पिछले कई वर्षों से दौड़ का आयोजन कराती आई हैं लेकिन हमेशा नियमों का ध्यान रखती हैं। कहा कि हम शहर को ऐसे खराब होने नहीं देंगे।