चंडीगढ़। सेक्टर-9 स्थित यूटी सचिवालय में बुधवार को माहौल काफी गर्म रहा। 28 सफाई कर्मचारियों को नौकरी से निकाले जाने के बाद विरोध जताने के लिए कई कर्मचारी पुराने सचिवालय पहुंचे। नाराज कर्मचारी धरना देकर नारेबाजी करने लगे। इसी दौरान सचिवालय से बाहर निकल रहे अधिकारी को देखते ही भड़क गए। आरोप है कि एसडीओ के साथ मारपीट की गई। घटना के बाद प्रशासन के इंजीनियर भी भड़क गए और नए सचिवालय के बाहर प्रदर्शन किया। दोनों पक्षों ने पुलिस को शिकायत दी, जिसके बाद क्रॉस एफआईआर दर्ज की गई है।
सेक्टर-9 स्थित सचिवालय में बुधवार सुबह कर्मचारियों ने तो शाम को अधिकारियों ने प्रदर्शन किया। नौकरी से निकाले गए कर्मचारियों को दोबारा नौकरी पर नहीं रखे जाने से उनमें रोष है, जबकि अधिकारियों ने कर्मचारियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने यूटी चंडीगढ़ सब-ऑर्डिनेट सर्विसेज फेडरेशन के बैनर तले और प्रधान रंजीत मिश्रा की अगुवाई में प्रदर्शन किया। रंजीत मिश्रा का कहना है कि न्यू सचिवालय सेक्टर-9 में कार्यरत सफाई कर्मचारियों को पिछले महीने एक तारीख को नौकरी से निकाल दिया गया। उन्हें पिछले एक महीने से नौकरी पर नहीं रखा जा रहा था। रंजीत मिश्रा इन कर्मचारियों को नौकरी पर रखवाने के लिए एक्सईएन शिवकुमार से मिलने उनके ऑफिस में पहुंचे। मोबाइल फोन पर एक्सईएन ने एसडीओ बलजिंदर सिंह चहल से बात करने को कहा। चहल ने धमकी भरे लहजे से बात करते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया। रंजीत मिश्रा ने कहा कि प्रदर्शन शांतिपूर्वक चल ही रहा था कि एसडीओ अपने दल बल के साथ वहां पहुंचे। उनको आता देख फेडरेशन की उपाध्यक्ष किरण बाला उनसे यह जानना चाहती थी कि पुराने कर्मचारियों को क्यों निकाला जा रहा है। एसडीओ अड़ियल रवैये को दिखाते किरण बाला के साथ कुछ अन्य महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की कर गालियां निकलते आगे निकल गए। इसकी शिकायत किरण बाला ने सेक्टर-3 पुलिस थाने में दी।
प्रशासन के इंजीनियरों ने दिखाई एकजुटता, किया प्रदर्शन
घटना के बाद प्रशासन के सभी इंजीनियर्स ने भी प्रदर्शन किया। यूटी इंजीनियर्स एसोसिएशन चंडीगढ़ ने बयान जारी कर कहा कि यूनियन नेता रंजीत मिश्रा ने महिलाओं के साथ एसडीओ बलजिंदर सिंह चहल पर जानलेवा हमला किया। सुबह 11:10 बजे चहल अपने सहयोगियों के साथ मंडल कार्यालय में जाने के लिए डीलक्स बिल्डिंग के बरामदे में प्रवेश कर रहे थे। इसी बीच रंजीत मिश्रा और उनके सहयोगियों ने अचानक चहल पर हमला कर दिया। इस दौरान उनके पेट और चेहरे पर वार करने की कोशिश की गई। उन्हें चोटें भी आई हैं। घटना के बाद प्रशासन के इंजीनियरों ने सेक्टर-9 स्थित नए सचिवालय के पास प्रदर्शन किया और इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। इंजीनियरों ने कहा है कि अगर रंजीत मिश्रा पर पुलिस की ओर से उचित कार्रवाई नहीं की गई तो उनका प्रदर्शन आगे भी जारी रहेगा।