सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने शनिवार अल सुबह तरनतारन में खालड़ा के पास भारतीय निगरानी चौकी ढल में पांच हथियारबंद पाकिस्तानी घुसपैठियों को मार गिराया। उनके पास से एक एके-47, चार पिस्तौल, नौ मैगजीन, 136 कारतूस, 9 किलो 920 ग्राम हेरोइन, दो मोबाइल और 610 रुपये के पाकिस्तानी नोट बरामद हुए हैं। बीएसएफ ने पंजाब की सीमा में पहली बार इतनी बड़ी घुसपैठ को नाकाम किया है।
बीएसएफ प्रवक्ता के मुताबिक शनिवार तड़के करीब पौने पांच बजे जवानों ने चलने की आवाज सुनी तो वे अलर्ट हो गए। इसके बाद जब उन्होंने भारतीय सीमा में घुसने का प्रयास कर रहे संदिग्धों को ललकारा तो घुसपैठियों ने एके-47 और पिस्तौल से फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पांचों मारे गए। पांचों युवा थे और अच्छे कपड़ों में थे। उनके पास पिट्ठू बैग था। सूत्रों के मुताबिक पांचों पाकिस्तानी अंतरराष्ट्रीय तस्करों के लिए कूरियर का काम करते थे। मुठभेड़ के दौरान बीएसएफ ने करीब 200 राउंड फायर किए। मारे गए पाकिस्तानी घुसपैठियों की अब तक पहचान नहीं हुई है।
पाकिस्तानी रेंजर के अधिकारियों को दी जानकारी:
बीएसएफ ने ढल से सटे पाकिस्तानी चौकी में तैनात रेंजर्स को घुसपैठियों की जानकारी दी। बीएसएफ घुसपैठ रोकने के लिए पाकिस्तानी रेंजर के साथ फ्लाइंग बैठक करने का प्रयास कर रही है। हालांकि पाकिस्तान ने अब तक जवाब नहीं दिया। गौरतलब है कि इसी वर्ष बीएसएफ ने अटारी अंतरराष्ट्रीय रेलवे गेट की फेंसिंग पार करते एक घुसपैठिये को मार गिराया था। इसकी पहचान पाकिस्तानी नागरिक गुलनवाज के तौर पर हुई थी।