चंडीगढ़। पीजीआई में निदेशक के पद के लिए साक्षात्कार की प्रक्रिया सोमवार से शुरू होगी। तीन दिन तक चलने वाली इस प्रक्रिया के दौरान सर्च कमेटी निदेशक पद के लिए 36 डॉक्टरों का साक्षात्कार करेगी। इनमें पीजीआई के अलावा बाहर के संस्थानों के भी सीनियर फैकल्टी मेंबर शामिल हैं।
पीजीआई के डीडीए कुमार गौरव ने बताया कि साक्षात्कार के बाद इंस्टिट्यूशनल बॉडी के पास तीन डॉक्टरों के नाम भेजे जाएंगे। इंस्टिट्यूशनल बॉडी के अध्यक्ष (केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री) उन नामों पर अंतिम मोहर लगाकर पीएमओ में भेज देंगे। इसके बाद पीएमओ से एक नाम तय कर दिया जाएगा। कुमार गौरव ने बताया कि इस पूरी प्रक्रिया में डेढ़ से दो महीने का समय लगेगा। इसके बाद पीजीआई को नियमित निदेशक मिल जाएंगे। गौरतलब है कि पीजीआई के पूर्व निदेशक प्रोफेसर जगतराम के 31 अक्तूबर 2021 को सेवानिवृत्त होने के बाद एडवांस पीडियाट्रिक सेंटर के प्रमुख प्रोफेसर सुरजीत सिंह को कार्यवाहक निदेशक बनाया गया है।