सोशल मीडिया एप के जरिए पैसे दोगुना करने का झांसा देकर लोगों को ठगने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ कर मोहाली पुलिस ने चार शातिरों को गिरफ्तार किया है। चारों आरोपी जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले हैं। आरोपियों की पहचान सहारनपुर के गांव कुतबपुर निवासी मनीषा चौहान व ऋषभ चौहान, गांव बेजोवाल निवासी मिलन और गांव कलसिया निवासी विशाल कुमार के रूप में हुई है।
यह गिरोह ट्राइसिटी, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश समेत देशभर में सक्रिय था और बड़ी संख्या में लोगों को अपना शिकार बना चुका है। आरोपियों से पुलिस ने दो कारें, तीन लैपटॉप, दो सिम एक्टिवेशन थंब इंप्रेशन मशीन, 11 मोबाइल, 50 सिम, 45 डेबिट कार्ड, 13 चेक बुक, एक कार्ड स्वाइप मशीन के अलावा पांच लाख रुपये नकदी बरामद हुई है। इसके साथ ही पुलिस ने इनके विभिन्न बैंकों में चल रहे 15 खाते ब्लॉक किए हैं, जिनमें 4.29 लाख रुपये मौजूद हैं।
यह भी पढ़ें: Punjab: समय पूर्व पंचायतें भंग करने के निर्णय से पलटी पंजाब सरकार, हाईकोर्ट को बताया-आदेश वापस लेंगे
गिरोह के बैंक खातों की जांच में पता चला है कि आरोपियों ने पिछले एक साल में अपने बैंक खातों से 1.20 करोड़ रुपये का लेन-देन किया है। मोहाली के एसएसपी डॉ. संदीप कुमार गर्ग ने बताया कि जीरकपुर निवासी अक्षय कुमार ने 46,049 रुपये की धोखाधड़ी की शिकायत दी थी। मामले की जांच करने पर पुलिस को इस गिरोह का पता चला। पुलिस ने इनके ठिकानों पर दबिश देकर चार आरोपियों को दबोच लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया एप के जरिए लोगों को सदस्य बनाते थे। इसके बाद उन्हें छोटी रकम निवेश कर दोगुना करने का झांसा देते थे। शुरुआत में वह पैसे डबल कर लोगों का भरोसा जीत लेते थे। इसके बाद जब लोग बड़ी रकम निवेश करते थे तो आरोपी उसे हड़प लेते थे।
80 हजार लोगों को बना रखा था सदस्य
शातिरों ने सोशल मीडिया पर एप के जरिए मनी ट्रेडिंग हेल्पिंग, ब्लॉक चेन एक्सचेंज, क्रिप्टो माइनिंग, ग्लोबल-बिटकॉइन-इन्वेस्टमेंट, रेड्डी अन्ना स्क्रीनशॉट चैनल आदि नाम से 20 ग्रुप बना रखे थे, जिनमें कुल 80 हजार लोगों को सदस्य बना रखा था। अब तक की जांच में पता चला है कि इन आरोपियों ने देश के हर राज्य में ठगी की है। इनमें से 500 से ज्यादा लोगों से ठगी का खुलासा अब तक हो चुका है। मामले की जांच जारी है। इस दौरान और भी खुलासे हो सकते हैं।
धोखाधड़ी से बचने के लिए रहें सतर्क
एसएसपी डॉ. संदीप गर्ग ने लोगों को धोखाधड़ी से बचने के लिए सतर्क रहने की अपील की। कहा कि सोशल मीडिया पर किसी भी अनजान व्यक्ति से बात कर पैसे ट्रांसफर न करें। मोबाइल और मैसेज के जरिए आए अनावश्यक लिंक को न खोलें। बैंक से संबंधित ओटीपी या पासवर्ड किसी भी अनजान व्यक्ति से साझा न करें। साथ ही एटीएम से पैसे निकालते समय किसी भी अनजान व्यक्ति को डेबिट कार्ड न दें। उन्होंने जिला पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की भी जानकारी दी और लोगों से सहयोग मांगा। कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित कोई भी जानकारी/सूचना/शिकायत हो तो कृपया मेरे व्यक्तिगत व्हाट्सएप नंबर 80541-00112 पर संदेश भेजें या ssp.moali.druginfo@gmail.com पर ईमेल करें। नाम और पता गोपनीय रखा जाएगा।
पैसे दोगुना करने का झांसा देकर ठगे साढ़े छह लाख रुपये
ग्रीन वैली दृष्टि होम्स सोसाइटी निवासी एक व्यक्ति से पैसे दोगुना करने के नाम पर साढ़े छह लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। थाना सिटी खरड़ पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता अभिषेक ने बताया कि उनसे फोन पर एक व्यक्ति ने संपर्क किया। इसके बाद पैसे दोगुना करने की बात कही। शुरुआत में पैसे लगाने पर दोगुना कर दे दिए। इससे उस पर भरोसा हो गया। इसके बाद उन्होंने अलग-अलग समय पर आरोपियों के खाते में साढ़े छह लाख रुपये डाले लेकिन आरोपियों ने पैसे दोगुना करने के बजाय पैसे हड़प लिए। इससे परेशान होकर उन्होंने इस संबंध में एसएसपी कार्यालय में शिकायत दी। शिकायत की जांच साइबर सेल के इंचार्ज ने कर डीएसपी हेडक्वार्टर की सहमति से रिपोर्ट एसएसपी को सौंपी। इसके बाद उन्होंने केस दर्ज करने का आदेश दिया।