आदमपुर की बेटी सुनीता बिश्नोई ने डेयरी फार्मेसी में अपने क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। सुनीता एफजीएम कॉलेज आदमपुर से बीकॉम व एमडीयू रोहतक से एमकॉम पास हैं। बीकॉम में सुनीता ने 68 प्रतिशत व एमकॉम में 63 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। वहीं सुनीता ने 12वीं कक्षा में कॉमर्स संकाय में 86 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे। कॉमर्स की टॉपर छात्रा होते हुए सुनीता ने डेयरी फार्म खोलकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
सुनीता ने बताया कि उसके भाई सुनील ने पांच साल पहले किसी के साथ पार्टनरशिप में डेयरी की थी। जब डेयरी में फायदा होता नजर आया तो पार्टनर ने भविष्य में इकट्ठा कार्य करने से मना कर दिया। इससे मेरे भाई को बहुत निराशा हुई। सुनीता ने बताया कि उसने अपने भाई के चेहरे पर मुस्कान देखने के लिए अपनी स्वयं की डेयरी करने की योजना बनाई।