फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सुल्तानपुर लोधी में अंतरराष्ट्रीय कबड्डी टूर्नामेंट का आगाज, 10 दिसंबर तक होंगे मैच

Sun, 01 Dec 2019 08:56 PM IST
ajay kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सुल्तानपुर लोधी (कपूरथला)
विज्ञापन
अंतरराष्ट्रीय कबड्डी टूर्नामेंट शुरू।
विज्ञापन

पंजाब सरकार की तरफ से श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व को समर्पित अंतरराष्ट्रीय कबड्डी टूर्नामेंट सुल्तानपुर लोधी के गुरु नानक देव स्टेडियम में शुरू हो गया। इस मेगा टूर्नामेंट का शुभारंभ खेल मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढी ने किया। विधायक नवतेज सिंह चीमा और राणा गुरजीत सिंह की उपस्थिति में खेल मंत्री ने टूर्नामेंट में शिरकत कर रही आठ टीमों के मार्च पास्ट से सलामी ली। उन्होंने बताया कि 10 दिसंबर तक चलने वाले इस टूर्नामेंट के दौरान पंजाब के अलग-अलग शहरों में मैच खेले जाएंगे। 

विज्ञापन


टूर्नामेंट में आठ देशों की टीमें शिरकत कर रही हैं। इनमें मेजबान भारत के अलावा अमेरिका, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, श्रीलंका, न्यूजीलैंड और कीनिया शामिल हैं। पूल-‘ए ’ में भारत, इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका हैं। पूल-‘बी ’ में कनाडा, अमेरिका, न्यूजीलैंड और कीनिया को रखा गया है। इतना टीमों में 144 खिलाड़ी और ऑफिशियल शामिल हैं। उनके मैच सुल्तानपुर लोधी के अलावा अमृतसर, फिरोजपुर, बठिंडा, पटियाला, श्री आनंदपुर साहिब में होंगे। फाइनल मैच 10 दिसंबर को डेरा बाबा नानक (गुरदासपुर) में होगा। 

पहले स्थान पर रहने वाली टीम को 25 लाख। दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 15 लाख और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 10 लाख रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा। विधायक सुल्तानपुर लोधी नवतेज सिंह चीमा ने मुख्य मेहमान और गणमान्यों का पवित्र नगरी पहुंचने पर स्वागत किया। पंजाबी गायक कंठ कलेर ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। इसके अलावा बच्चों ने गिद्दा और भंगड़ा पेश किया।

विज्ञापन

मौके पर अतिरिक्त मुख्य सचिव संजय कुमार, डीसी डीपीएस खरबंदा, डायरेक्टर खेल संजय पोपली, एसएसपी कपूरथला सतिंदरर सिंह, एडीसी सामान्य राहुल चाबा, एडीसी(विकास) अवतार सिंह भुल्लर, चेयरमैन पनसप तजिंदर सिंह बिट्टू, चेयरमैन पंजाब युवक विकास बोर्ड सुखविन्दर सिंह बिंद्रा और मेंबर डा. आंचल अरोड़ा, एसडीएम डा. चारूमिता, वरिंदर पाल सिंह बाजवा, लतीफ अहमद और रणदीप सिंह हीर, सहायक कमिशनर (सामान्य) श्रीमती नवनीत कौर उपस्थित थे। मंच संचालन डीपीआरओ इशविंदर सिंह ग्रेवाल और बलजीत कौर दयोल ने किया।

टूर्नामेंट में पहले दिन इंग्लैंड, कनाडा और अमेरिका की जीत
अंतरराष्ट्रीय कबड्डी टूर्नामेंट के उद्घाटन के बाद छह टीमों के बीच तीन मैच खेले गए। पहला मैच इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच हुआ। इसमें इंग्लैंड ने एकतरफा मुकाबले में श्रीलंका को 66-21 के अंतर से शिकस्त दी। हाफ टाइम तक इंग्लैंड की टीम 29-13 अंकों के साथ आगे चल रही थी। दूसरे हाफ में इंग्लैंड ने मुकाबला एकतरफा बना दिया। 
विज्ञापन

दूसरा मैच कनाडा और कीनिया के बीच हुआ। इसमें कनाडा ने कीनिया को 57-30 अंकों के फर्क से धूल चटाई। मैच में पहले हाफ तक कनाडा की टीम 36-20 अंकों से आगे चल रही थी। इसी तरह अमेरिका और न्यूजीलैंड के बीच हुए बेहद रोमांचकारी मुकाबले में अमेरिका ने न्यूजीलैंड को 48-42 अंकों के अंतर से मात दी। इस संघर्षपूर्ण मुकाबले में पहले हाफ तक स्कोर 28-18 था। इस मुकाबले को दर्शकों ने सांसें थामकर देखा।

गायक कंठ कलेर भी नहीं जुटा पाए भीड़
टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह में भीड़ जुटाना टेढ़ी खीर साबित हुआ। 11 बजे के बजाय एक बजे उद्घाटन होने के बावजूद दर्शक दीर्घा में भारी तादाद में कुर्सियां खाली नजर आईं। गायक कंठ कलेर की गायकी का जादू भी खेल प्रेमियों पर नहीं चला और वह भीड़ जुटाने में नाकाम रहे। खेल मंत्री राणा के भाषण के दौरान भी स्टेडियम पूरी तरह से भरा नहीं हुआ था। काफी ज्यादा तादाद में कुर्सियां खाली रहने के बाद भीड़ जुटाने के लिए फोन घुमाने का सिलसिला शुरू होने की चर्चा रही। हालांकि जब इंग्लैंड और श्रीलंका का मैच शुरू हुआ तो एकदम से काफी लोग स्टेडियम में पहुंचे। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें