गीता जयंती में आएंगी अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स
अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। कई खास मेहमान आएंगे और कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
महोत्सव की गूंज जहां कुरुक्षेत्र से उठेगी, वहीं प्रदेश के प्रत्येक जिला व ब्लॉक स्तर पर भी तीन दिवसीय महोत्सव मनाया जाएगा। इसके लिए शेड्यूल तय कर लिया गया है और प्रशासन की तरफ से इसकी प्रति प्रदेश के सभी उपायुक्तों के पास भी भेज दी गई है।
विधायक सुभाष सुधा ने बताया कि प्रदेश के सभी ब्लॉकों में 1 से 3 दिसंबर तक और जिलों में 8 से 10 दिसंबर तक जिलास्तरीय महोत्सव का आयोजन किया जाना है। उन्होंने बताया कि 6 दिसंबर को राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी सुबह 11 बजकर 15 मिनट पर ब्रह्मसरोवर पर महोत्सव की शुरुआत करेंगे।
इसके बाद गीता यज्ञ, गीता पूजन में भाग लेने के साथ-साथ श्रीकृष्ण अर्जुन रथ के पास श्रीकृष्णा सर्किट प्रोजेक्ट की आधारशिला रखेंगे। 6 दिसंबर को ही राष्ट्रपति 12 बजकर 15 मिनट पर केयू में अंतरराष्ट्रीय सेमिनार ऑन गीता की शुरुआत करेंगे।
हेमामालिनी, ग्लोबल चैटिंग और दीपदान होंगे आकर्षण
विधायक ने कहा कि 10 दिसंबर को शाम 6 से 6:15 तक गीता के 18 श्लोकों की ग्लोबल चैटिंग और दीपदान कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहेगा। इसके अलावा सायं 6 बजकर 30 मिनट पर अभिनेत्री हेमामालिनी की ओर से राधे कृष्णा डांस की प्रस्तुति मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगी।
18 हजार विद्यार्थी 18 गीता श्लोकों का उच्चारण
भागवत कथा सुनती महिलाएं
विधायक ने कहा कि 7 दिसंबर को सुबह 10 बजे थीम पार्क में शिक्षा विभाग व विद्या भारती की तरफ से 18 हजार विद्यार्थी गीता के 18 श्लोकों का उच्चारण करेंगे और तीन बार सूर्य नमस्कार करेंगे।
इस दिन यूनिवर्सिटी में गीता सेमिनार, श्रीकृष्णा म्युजियम में गीता श्लोकोच्चारण प्रतियोगिता, दोपहर 11 बजे पुरुषोत्तमपुरा बाग में एनजेडसीसी की तरफ से सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे और सायं 6 बजे पुरुषोत्तमपुरा बाग में भगवत गीता के श्लोकों पर ड्रमर शिवामणी, ब्लाजे, रुना, श्रीराम और अनूप नय्यर की प्रस्तुति होगी।
क्या होंगे 8 व 9 दिसंबर के कार्यक्रम
8 दिसंबर को यूनिवर्सिटी में गीता सेमीनार, सुबह 9 बजे श्रीकृष्णा संग्रहालय में वाद-विवाद प्रतियोगिता, 11 बजे पुरुषोत्तमपुरा बाग में सांस्कृतिक कार्यक्रम, दोपहर 2 बजे प्रशासन व एनजेडसीसी की तरफ से पिहोवा में सांस्कृतिक कार्यक्रम और ज्योतिसर में यूनिवर्सिटी की तरफ से सांग की प्रस्तुति होगी और शाम 8 बजे पुरुषोत्तमपुरा बाग में कनेडियन ग्रुप की तरफ से श्रीकृष्ण लीला और मास्टर सलीम की प्रस्तुति भी होगी।
9 दिसंबर को गीता सेमीनार के अलावा श्रीकृष्ण संग्रहालय में गीता क्वीज, दोपहर 2 से 5 संत सम्मेलन और गीता सेमिनार का समापन, सुबह 11 बजे पुरुषोत्तमपुरा बाग व 2 बजे अमीन में सांस्कृतिक कार्यक्रम और 6 बजे पुरुषोत्तमपुरा बाग में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति होगी।