चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट से इंटरनेशनल फ्लाइट के लिए लोगों को अब और भी लंबा इंतजार करना पडे़गा। इंटरनेशनल एयरपोर्ट के रनवे अपग्रेडेशन का काम पूरा होने के लिए पिछले पांच रविवारों के दिन फ्लाइट्स बंद रखी गईं। लेकिन रनवे अपग्रेडेशन का काम पूरा नहीं हुआ है।
इंटरनेशनल फ्लाइट यहां से कैसे शुरू होगी यह बड़ा सवाल बन गया है। इंटरनेशनल एयरपोर्ट के सीईओ भी मान रहे हैं कि अभी रनवे का काम पूरा होने में तीन साल से अधिक का वक्त लग जाएगा। इस स्थिति में इंटरनेशनल फ्लाइट के लिए लोगों को लंबा इंतजार करना पडे़गा।
इंटरनेशनल फ्लाइट शुरू करने के लिए इंटरनेशनल एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया और एयरपोर्ट के अधिकारियों के बीच बैठक हुई। बैठक के बाद 10 अप्रैल से 8 मई तक के सिर्फ पांच रविवारों को फ्लाइट्स रोकी गईं। इस दौरान रिपेयर का काम चला लेकिन अब भी रनवे का एक हजार फीट का काम बाकी है। सूत्रों की मानें तो एयरपोर्ट को अगर दो महीने के लिए बंद कर दिया जाए तो यह काम आसानी से पूरा हो सकता है।
इसके लिए अभी कोई फैसला नहीं हो सका है। इंटरनेशनल फ्लाइट शुरू करने के लिए 1400 करोड़ रुपये खर्च कर दिए गए। इसके बाद स्पाइस जेट यहां से अप्रैल में दुबई के लिए फ्लाइट उड़ाने को तैयार थी। एयरपोर्ट अथॉरिटी की यह तैयारी पूरी न होने से इसे शुरू नहीं किया जा सका। वहीं कस्टम ऑफिस भी नहीं तैयार हो सका है।
सुनील दत्त, सीईओ, इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने बताया कि इंटरनेशनल एयरपोर्ट का काम पूरा होने में अभी तीन साल का वक्त लगेगा। एयरपोर्ट की जो भी कमियां हैं। कोशिश है कि जल्द दूर हो जाएं।