एयर पैसेंजर्स के लिए गुड न्यूज। अब इंटरनेशनल फ्लाइट्स के लिए दिल्ली तक नहीं जाना पड़ेगा। मोहाली एयरपोर्ट से ही उड़ान भर सकेंगे। दरअसल, मोहाली इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 19 अक्तूबर से इंटरनेशनल फ्लाइट शुरू हो जाएगी। पहली फ्लाइट दुबई के लिए शुरू होगी। यह सेवा शुरू करने जा रही कंपनी इंडिगो को अभी दुबई एयरपोर्ट पर स्लॉट नहीं मिला है।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक कंपनी तीन चार दिन के अंदर स्लॉट के लिए आवेदन करेगी, इसके बाद स्लॉट मिलने में भी कुछ समय लग सकता है। वहीं साल के आखिरी सप्ताह तक स्पाइसजेट भी अंतरराष्ट्रीय उड़ान की शुरुआत कर सकती है।
चंडीगढ़ से दुबई के लिए पहला विमान 19 अक्तूबर को उड़ान भरेगा। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय की ओर से अन्य एयरलाइंस को भी चंडीगढ़ से अंतर्राष्ट्रीय उड़ान की इजाजत दी गई है। साल के आखिरी माह तक स्पाइसजेट भी सेवा शुरू कर सकती है।
-विश्वजीत खन्ना, प्रधान सचिव नागरिक उड्यन विभाग पंजाब
इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए फायदेमंद होगा शिमला एयरपोर्ट
इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान शुरू होने के बाद शिमला के नजदीक बना जुब्बल हट्टी एयरपोर्ट पर्यटन को बढ़ावा देने में वरदान साबित होगा। क्योंकि 2012 से बंद पड़े शिमला एयरपोर्ट से अक्तूबर से उड़ानें शुरू होंगी। पर्यटन के लिहाज से न केवल ट्राइसिटी बल्कि हिमाचल, पंजाब, पश्चिमी यूपी व हरियाणा के लोगों का भी सीधा फायदा होगा।
इस एयरपोर्ट पर चल रहे रनवे का काम पूरा हो चुका है। अब यहां से दिल्ली व चंडीगढ़ के लिए फ्लाइट्स की शुरुआत होनी है। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक हवाई कंपनी एयर इंडिया एटीआर 72 सीटर विमान उड़ान भरने के लिए तैयार हो गई है। इससे पहले इस एयरपोर्ट से एटीआर 42 विमान की सुविधा मिलती थी।
एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारी भी मानते हैं कि चंडीगढ़ से इंटरनेशनल फ्लाइट्स की शुरुआत होने पर विदेश से आने वाले सैलानी भी ट्राइसिटी व आसपास के क्षेत्रों के पर्यटन स्थलों की तरफ आकर्षित होंगे।
पर्यटन को बढ़ावा देने में शिमला एयरपोर्ट इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए सेतु का काम कर सकता है। क्योंकि हिमाचल की वादियों की सैर करना सभी चाहते हैं। वहीं विदेशों में रहने वाले अप्रवासी भारतीय भी इस ओर आकर्षित होंगे।
अब शिमला एयरपोर्ट पर बड़े विमानों की लैंडिंग
अब शिमला एयरपोर्ट पर बड़े विमानों की लैंडिंग होगी। एयरपोर्ट प्रशासन जुब्बल हट्टी एयरपोर्ट पर कुल्लू की तर्ज पर एटीआर 72 उतारने की तैयारी में है। सूत्रों के मुताबिक एयर इंडिया का एटीआर 72 सीटर विमान उड़ान भरने के लिए तैयार है।
अभी इस एयरपोर्ट पर एटीआर-42 ही उतारा जाता था। इसकी स्ट्रिप 150 मीटर है। जबकि शिमला की 1189 मीटर है। मिली जानकारी के मुताबिक पहले एयरपोर्ट की लंबाई 23 मीटर थी, अब इसका सात मीटर और विस्तार किया गया है।
11 सितंबर से पहले ही शिमला एयरपोर्ट का रनवे का काम पूरा कर लिया गया है। बरसात की वजह से काम में देरी हुआ।
-सुनील दत्त, सीईओ इंटरनेशनल एयरपोर्ट चंडीगढ़