अगर आप इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास दुकान या शोरूम खोलना चाहते हैं तो तैयार हो जाएं। साइट्स की नीलामी होने वाली है। ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (गमाडा) इंटरनेशनल एयरपोर्ट को कैश करने में जुट गया है। गमाडा ने इस महीने की 22 तारीख को प्रॉपर्टी नीलाम करने का फैसला लिया है। इस दौरान कुल 12 साइट्स के लिए बोली लगेंगी। इसमें अधिकतर साइट्स एयरपोर्ट के पास की एरिया है।
इनमें ग्रुप हाउसिंग साइट, आईटी सिटी व इको सिटी में स्कूल, सेक्टर-67 में होटल व सेक्टर-62 में फूड कोर्ट समेत कई साइट्स शामिल हैं। इसके साथ ही उक्त इलाके की सूरत बदलना शुरू हो गई। गमाडा ने पहले ही साफ कर दिया है कि यह एरिया सिंगापुर की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। मास्टर प्लान के मुताबिक ही इलाके को विकसित किया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, गमाडा ने नीलामी के लिए जिन साइटों का चुनाव किया। उनका चयन भी पूरी प्लानिंग के तहत किया। इसके लिए पूरी तरह इलाके का सर्वे किया गया था। इसके साथ ही नीलामी वाली साइट्स पर बकायदा बोर्ड लगाए गए हैं। जिन पर साइट्स की पैमाइश समेत सारी जानकारी दी गई है, ताकि साइट्स खरीदने के इच्छुक लोग जाकर साइट्स को देख पाए।
दूसरी तरफ गमाडा ने इस बार केवल कॉमर्शियल साइटस को नीलामी के लिए रखा है। एयरपोर्ट शुरू होने से गमाडा को साइट्स बिकने की पूरी उम्मीद है। कुछ दिन पहले हुई गमाडा बोली काफी बढ़िया रही थी। गमाडा ने एयरोसिटी की एक ग्रुप हाउसिंग साइट 133 करोड़ में बेची थी। ऐसे में गमाडा को उम्मीद है कि इस बार भी रिजल्ट बढ़िया मिले।
प्रॉपर्टी डीलरों ने भी लगाए डेरे
प्रॉपर्टी डीलरों ने भी एयरपोर्ट पर डेरे लगा दिए हैं। वह पहले से खरीदे रिहायशी प्लॉटों को बेचने के लिए वहां पहुंच रहे है। एयरपोर्ट रोड कैनोपी लगाकर वह खरीदारों का दिल जीतने की कोशिश कर रहे हैं। जानकारों की माने तो आने वाले दिनों में एयरोसिटी की सूरत बदल जाएगी। नेचुरल गैस पाइप लाइन बिछाने का काम प्रोजेक्ट में शुरू हो गया है। इसके अलावा बिजली और पानी की व्यवस्था भी हो चुकी है।
कम्युनिटी सेंटर में होगी नीलामी
गमाडा अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक नीलामी 22 सितंबर को सेक्टर-70 स्थित कम्युनिटी सेंटर में होगी। नीलामी ठीक दस बजे से शुरू हो जाएगी। नीलमी में भाग लेने के इच्छुक लोग साइट्स के हिसाब से रखी रिफंडएबल फी जमा करवानी होगी। इसके बाद ही नीलामी में बोली दे पाएंगे। एयरपोर्ट रोड पर वर्ल्ड ट्रेड सेंटर कंपनी नोयडा और हीरो कंपनी ने अपनी एंट्री दर्ज करवा दी है। दोनों एयरपोर्ट के ठीक बाहर एयरपोर्ट रोड के किनारे ग्रुप हाउसिंग प्रोजेक्ट स्थापित करेंगे। दोनों ने उक्त एरिया की सबसे महंगी साइट्स खरीदी है। जल्दी ही दोनों इस एरिया में अपने प्रोजेक्ट पर काम शुरू करने वाले है।
ये है साइटों का ब्योरा
लोकेशन--------------टाइप-------------साइज (एकड़ में)
एयरोसिटी ब्लाक डी---कॉमर्शियल साइट-----5.00
आईटी सिटी-----------कॉमर्शियल साइट----10.02
सेक्टर-88ग्रुप हाउसिंग ---साइट नंबर दो------9.20
सेक्टर-88ग्रुप हाउसिंग----साइट नंबर तीन-----9.22
सेक्टर -88---------------स्कूल-------------5.04
सेक्टर-67---------------होटल---------------4.25
सेक्टर-62-------------फूड कोर्ट साइट तीन-----1.142
सेक्टर-62------------फूड कोर्ट साइट चार-------1.13
एयरोसिटी ब्लॉक बी------ग्रुप हाउसिंग------------5.00
एयरोसिटी ब्लॉक सी--------ग्रुप हाउसिंग---------5.00
इको सिटी फेज-एक-----------स्कूल------------5.00
आईटी सिटी सेक्टर-82--------एल्फास्कूल--------5.00