चंडीगढ़। चंडीगढ़ क्राइम ब्रांच ने अंतरराज्यीय हथियार तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 5 देसी पिस्तौल, 10 कारतूस और दो वाहन जब्त किए हैं। गिरफ्तारियों के बाद पुलिस ने कहा कि आरोपियों ने चाचा से मारपीट का बदला लेने के लिए लुधियाना के तस्कर से अवैध हथियार खरीदे थे।
लुधियाना, रोहतक, कुरुक्षेत्र और खन्ना में छापे
आरोपियों की धरपकड़ के लिए कई जगह छापे मारे गए। गिरफ्तार आरोपियों में चंडीगढ़ के रोहन, सुमित और मोहित और लुधियाना के हथियार तस्कर बबलू शामिल हैं। एसपी क्राइम जसबीर सिंह, डीएसपी धीरज कुमार और इंस्पेक्टर सतविंदर दुहन ने संयुक्त प्रेसवार्ता के दौरान बताया चंडीगढ़ के रहने वाले तीन आरोपी रोहन, सुमित और मोहित की स्थानीय युवकों भीम, विकास, बब्रिक और सुमित उर्फ डंगर से रंजिश थी। कुछ समय पहले इन युवकों ने रोहन के चाचा बंटी पर हमला किया था। बचाव करने के लिए आरोपियों ने बबलू से अवैध हथियार खरीदे थे। पुलिस ने बताया कि गिरोह के अन्य संबंधों और हथियार सप्लाई नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। एसपी क्राइम जसबीर सिंह ने कहा कि ऐसे गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
रोहतक से पकड़ा गया मुख्य हथियार तस्कर बबलू
7 सितंबर को एएसआई करमवीर सिंह की टीम ने रोहन और सुमित को सेक्टर-34/35 मार्केट के आसपास से गिरफ्तार किया। रोहन के पास से पिस्तौल, कारतूस और बोलेरो कार मिली, जबकि सुमित के कब्जे से कट्टा और कारतूस बरामद हुआ। रोहन पर पहले भी मारपीट व धमकी का केस दर्ज है। दोनों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया। 8 सितंबर को सेक्टर-56 से मोहित को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से भी कट्टा और कारतूस बरामद हुआ। मुख्य तस्कर बबलू को रोहतक से गिरफ्तार किया गया, जिसके कब्जे से दो पिस्तौल, कट्टा और कारतूस के साथ एक हुंडई अल्काजार कार भी बरामद हुई।
आरोपियों की जानकारी
रोहन (21): सेक्टर-38 वेस्ट निवासी, 10वीं पास, म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट बजाने का काम करता है।
सुमित (22): सेक्टर-38 वेस्ट निवासी, 12वीं पास, म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट बजाने का काम करता है।
मोहित (19): सेक्टर-56 निवासी, 9वीं पास।
बबलू (31): लुधियाना का रहने वाला, 7वीं पास।