भारत-पाक के बीच बिगड़ रहे माहौल के मद्देनजर सरकार ने उतर भारत में सक्रिय सभी खुफिया एजेंसियों को आपसी तालमेल बढ़ाने के आदेश दिए हैं। इसी के मद्देनजर बीते दिनों चंडीगढ़ में उतरी राज्यों में सक्रिय गुप्तचर एजेंसियों के प्रतिनिधियों की एक अहम बैठक भी हुई। इसमें एयर स्ट्राइक के बाद देश में बन रहे हालात के साथ-साथ दुश्मन देश और आतंकी संगठनों की हर गतिविधियों पर नजर रखने पर चर्चा की गई।
सुरक्षा एजेंसियों के गुप्तचर विंग इस वक्त पूरी तरह से अलर्ट हैं। इसके बावजूद इन सभी एजेंसियों को आदेश दिया गया है कि वे ऐसे हालातों में अपनी हर छोटी-बड़ी जानकारियां एक-दूसरे से शेयर करें। साथ ही सरहद से लेकर विभिन्न शहरों खासकर छावनी क्षेत्रों में नेटवर्क को और बढ़ाया जाएगा। सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही सामग्री से लेकर इलाकों में संदिग्धों पर नजर रखने को भी कहा गया है।
राज्य सरकारों की पुलिस को भी निर्देश हैं कि वे भी केंद्र सरकार की अधीनस्थ सभी सुरक्षा एजेंसियों के गुप्तचर विभागों को भी पूरा सहयोग करें। उल्लेखनीय है कि एयर स्ट्राइक के जरिए जैश के ट्रेनिंग सेंटर को उड़ाने की सफलता में भी सटीक इंटेलीजेंस का भी अहम रोल था। इसलिए इन गुप्तचर एजेंसियों को मिलकर और बेहतर तालमेल के साथ काम करने को कहा गया है।