चंडीगढ़। मोहाली में 30 करोड़ रुपये की लागत से एकीकृत पूर्व सैनिक परिसर बनाया जाएगा। इसमें चिकित्सा उपचार के लिए अस्थायी (ट्रांजिट) आवास की व्यवस्था होगी। राज्य सरकार से भूमि अधिग्रहित कर ली गई है और शीघ्र कार्य शुरू हो जाएगा। भारतीय सेना की पश्चिमी कमान चंडीमंदिर में 14 से 19 जनवरी के बीच मनाए गए नौंवी सशस्त्र बल पूर्व सैनिक दिवस सप्ताह के दौरान यह फैसला लिया गया। चंडीमंदिर में आयोजित समारोह में भारतीय थल, नौसेना और वायु सेना के 1400 से अधिक भूतपूर्व सैनिक शामिल हुए।
पश्चिमी कमान के सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मनोज कुमार कटियार, जनरल ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ और आर्मी वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन (आवा) की क्षेत्रीय अध्यक्ष श्रुचि कटियार ने पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों से बातचीत की और राष्ट्र के प्रति उनकी अमूल्य सेवाओं के लिए आभार और प्रशंसा व्यक्त की। बातचीत के दौरान लेफ्टिनेंट जनरल कटियार ने सेवानिवृत्त होने के बाद नागरिक समाज में दिग्गजों के योगदान की प्रशंसा की, जिसने सशस्त्र बलों की छवि को बढ़ाया है और अपने क्षेत्रों में प्रगति और विकास को गति दी है। उन्होंने दिग्गजों को पश्चिमी कमान के निरंतर समर्थन का आश्वासन दिया और भारतीय सशस्त्र बलों के आधुनिकीकरण और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए उनकी सलाह मांगी। इस कार्यक्रम में मेजर जनरल सविंदर सिंह संधू, लेफ्टिनेंट कर्नल डीआर कटोच, कर्नल एचएस सिंघा और लेफ्टिनेंट कर्नल केसी मेहता सहित 90 वर्षीय उम्र दराज दिग्गजों को भी सम्मानित किया गया।
मौके पर किया कई समस्याओं का समाधान
इस कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों के सामने आने वाली विभिन्न समस्याओं का समाधान भी किया गया, जिसमें वेटरन सहायता केंद्र (वीएसके) और बैंकों ने पेंशन/स्पर्श से संबंधित मुद्दों के समाधान और व्यक्तिगत सहायता प्रदान करने के लिए स्टॉल लगाए गए। भूतपूर्व सैनिकों को पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ईसीएचएस) सहित अतिरिक्त सुविधाओं के बारे में भी जानकारी दी गई। पश्चिमी कमान ने सभी भूतपूर्व सैनिकों की समस्याओं के लिए एकल-खिड़की (सिंगल विंडो) शिकायत निवारण प्रणाली में कार्य करने के लिए 42 वीएसके स्थापित किए हैं। छह नए सर्वरों के चालू होने से ईसीएचएस योजना के ऑनलाइन कामकाज को मजबूती मिली है।