मनीमाजरा। बढ़ती गर्मी के साथ आग लगने की घटनाओं की आशंका को देखते हुए चंडीगढ़ फायर एंड रेस्क्यू सर्विसेज अलर्ट मोड पर आ गई है। इसी कड़ी में संयुक्त आयुक्त-सह-मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. इंदरजीत ने शुक्रवार को मनीमाजरा फायर स्टेशन और आईटी पार्क स्थित डीएलएफ सिटी सेंटर का औचक निरीक्षण किया।
मनीमाजरा फायर स्टेशन में निरीक्षण के दौरान डॉ. इंदरजीत ने आपातकालीन तैयारियों, कर्मचारियों की तैनाती, संचार व्यवस्था और मौके पर तुरंत पहुंचने की क्षमता का जायजा लिया। उन्होंने हाईराइज इमारतों में आग बुझाने के लिए इस्तेमाल होने वाली हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म-कम-टर्न टेबल लैडर (एचपीटीटीएल) की कार्यक्षमता की भी जांच की।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भीषण गर्मी को देखते हुए चौबीसों घंटे पूरी सतर्कता बरती जाए। उन्होंने कहा कि सभी अग्निशमन वाहन, उपकरण और कर्मचारी हर समय किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहें। साथ ही, अग्निशमन उपकरणों की नियमित जांच, परीक्षण और रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके बाद डॉ. इंदरजीत ने आईटी पार्क स्थित डीएलएफ सिटी सेंटर का निरीक्षण किया। मॉल परिसर में आग से बचाव और लोगों की सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की जांच के दौरान कुछ तकनीकी खामियां और कमियां सामने आईं। इस पर उन्होंने मॉल प्रबंधन को तुरंत सुधारात्मक कदम उठाने और अग्नि सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए।