- इनेलो छोड़कर भाजपा में आने की क्या वजह रही, इस सवाल पर नूंह विधायक जाकिर हुसैन ने कहा कि इनेलो में जो कुछ चल रहा है वह किसी से छिपा नहीं है। लोकसभा चुनाव के बाद पार्टी का हश्र भी सभी के सामने हैं। अब इस बारे में मैं बार-बार क्या कहूं। मैंने अपने हलके की जनता से विचार विर्मश करने के बाद ही इनेलो छोड़ने का निर्णय लिया है।
जुलाना विधायक परमिंद्र सिंह ढुल ने कहा कि इनेलो और उनके नेताओं से मेरी कोई व्यक्तिगत खटास नहीं है, बस राजनीतिक राहें जुदा हुई है। भाजपा में आने का उनका फैसला उनके हलके की जनता ने लिया है। मैं हलके में तीन बार दौरा कर चुका हूं और हर बार जनता ने यही कहा कि बतौर विधायक अब उन्हें भाजपा में शामिल होना चाहिए।
उधर, जजपा के जिलाध्यक्ष धर्मपाल मकड़ौली ने कहा कि उनकी जजपा से कोई नाराजगी नहीं है। जजपा नेताओं से उनकी आज भी घरेलू संबंध है लेकिन सियासी संबंध अब जजपा से खत्म हो गए हैं।
भाजपा में शामिल होने वाले सभी को कार्यकर्ता के नाते भरपूर मान-सम्मान दिया जाएगा। पूरे प्रदेश में इन नेताओं के शामिल होने से भाजपा को मजबूती मिली है। भाजपा परिवार निरंतर बढ़ रहा है। इनेलो के दोनों विधायक, जजपा रोहतक जिलाध्यक्ष धर्मपाल मकड़ौली व उनके कार्यकर्ताओं का स्वागत है। वर्तमान विधानसभा के 5 विधायक भाजपा में शामिल हो चुके है। सभी का स्वागत है। - मनोहर लाल, मुख्यमंत्री, हरियाणा