'आप' के बैनरों में केजरीवाल पर स्याही फेंकी
- फोटो : amarujala
शहर में विभिन्न स्थलों पर आम आदमी पार्टी की ओर से लगाए गए फ्लैक्स बोर्डों को बुधवार देर रात किसी अज्ञात शरारती तत्व द्वारा क्षति पहुंचाने के साथ साथ बोर्डों पर लगी आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल की फोटो पर भी स्याही फेंकी गई है। आप ने इसे सत्तारूढ़ पार्टी की शरारत बताया है और इस बाबत नगर काउंसिल के अधिकारियों को शिकायत की है।
आम आदमी पार्टी के आरटीआई प्रकोष्ठ के राज्य कमेटी सदस्य एडवोकेट गोबिंदर मित्तल ने बताया कि ईद की बधाई देने का अधिकार प्रत्येक पार्टी और जन साधारण को है, लेकिन मालेरकोटला में उनकी पार्टी के होर्डिंग बोर्डों की तोड़ फोड़ बेहद घटिया राजनीति का हिस्सा है। इसके लिए सत्तारूढ़ पार्टी के लोग जिम्मेदार हैं। इस दौरान पार्टी के मेनिफेस्टो कमेटी के सदस्य मोहम्मद उवैस, शहबाज राणा, यूथ अध्यक्ष मोहम्मद असलम और मोहम्मद सलीम आदि मौजूद रहे ।
पोस्टर पर स्याही, सियासी ड्रामा : सांपला
ईद की बधाई के संदेश फ्लैक्स बोर्डों की तोड़फोड़ और स्याही फेंकने की घटना पर सत्ताधारी पार्टी पर लगे आरोपों पर पंजाब भाजपा के अध्यक्ष विजय सांपला ने कहा है कि आप एक ड्रामेबाज पार्टी है। पार्टी को चर्चा में लाने के लिए खुद ही स्याही फेंकते हैं और कीचड़ सत्ताधारियों पर फेंकते हैं ।