मोहाली। मदनपुरा चौक के पास हुए एक सड़क हादसे में घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान पीजीआई में मौत हो गई। मृतक की पहचान चन्नण सिंह निवासी गांव भरतगढ़ जिला रोपड़ के रूप में हुई है। इस संबंध में थाना मटौर पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता अर्शदीप सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 28 अप्रैल को वह और उनके पिताजी फेज-3ए मैं किसी व्यक्ति से मिलने के लिए गए थे लेकिन वह व्यक्ति उन्हें वहां नहीं मिला। इसके बाद वह अपनी मोटरसाइकिल और उसके पिताजी स्कूटी पर सेक्टर-77 की तरफ चल पड़े। जब वह मदनपुरा चौक के पास पहुंचे तो रात करीब पौने आठ बजे एक कार तेज रफ्तार में आई और कट मारते हुए उनके पिताजी की स्कूटी को फेट मार दी। इस कारण उसके पिताजी का सिर फुटपाथ पर लगने के कारण उन्हें काफी चोट लगी। वहीं कार चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया। इसके बाद वह पिताजी को इलाज के लिए अस्पताल ले गया। प्राथमिक इलाज के बाद उनके पिताजी को पीजीआई रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।