चंडीगढ़। लोगों को कृषि के प्रति जागरूक करने के लिए सेक्टर 17 के परेड ग्राउंड में कृषि एक्सपो का आयोजन किया गया। इस आयोजन में देश के विभिन्न क्षेत्रों से कृषि विद्यार्थी और वैज्ञानिकों ने हिस्सा लिया। कृषि एक्सपो का मुख्य उद्देश्य आज की युवा पीढ़ी को कृषि और विज्ञान के साथ जोड़ना है। इसमे विद्यार्थी और वैज्ञानिकों ने कम जगह में अर्बन फार्मिंग, लोहा काटने और ड्रोन जैसे अपने स्टार्टअप्स और मॉडल्स को प्रस्तुत किया। कार्यक्रम आयोजक कंवलजीत कौर और करमजीत सिंह ने बताया कि युवाओं को प्रेरित करने के लिए अकेडमिक संस्थानों को भी इसमें जोड़ा गया है ताकि भारत की कृषि को प्रमोट किया जा सके।
एडवांस मशीन से 60 डिग्री में कटेगा लोहा
लुधियाना से आए जगमोहन सिंह ने बताया कि वह लोहा काटने की मशीन लेकर आए हैं। यह मशीन 45-60 डिग्री में लोहे की कटिंग करती है। आज तक जो मशीनें हैं वह लोहे की सीधी कटिंग करती हैं और मशीन पर लोहे को रखकर घुमाया जाता है। लेकिन इस मशीन का ऊपर का पोर्शन अलग है। मशीन का हेड घूमता है, लोहे को घुमाने की जरूरत नहीं पड़ती।
कम जगह में अब कर सकते हैं ऑर्गेनिक फार्मिंग
सोलन की यूनिवर्सिटी से आई छात्रा हिमानी और रिया होइड्रापोनिक्स मॉडल पेश किया। इसमें कम जगह में ऑर्गेनिक फार्मिंग और किचन गार्डनिंग करने का आइडिया पेश किया गया। इसमें पानी और कोकोपीट का प्रयोग करके वर्टिकल पाइप प्रयोग किए गए थे। इस प्रोजेक्ट में पानी व्यर्थ नहीं होता, वह नीचे जाकर स्टोर होता रहता है। इसमें बिजली के साथ सोलर का प्रयोग भी किया जा सकता है।
एआई ड्रोन से होगा दवाई का छिड़काव
चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के सुमन्यू सिंह ने बताया कि वह किसानों को ड्रॉन किराए पर देते हैं। यह किराया एरिया के अनुसार तय होता है। अभी यह रिमोट से कंट्रोल होता है। लेकिन भविष्य में एआई का प्रयोग करके इसे बिना रिमोट के कंट्रोल किया जाएगा। यह ड्रॉन जरूरत के हिसाब से दवाई का छिड़काव करेगा। डिफेंस में भी वह इसे दे रहे हैं।
जंग उतारने पर नहीं उड़ेगी धूल
जलंधर निवासी मनीष कुमार ने शॉट ब्लास्ट मॉडल तैयार किया है। जंग उतारते समय उड़ने वाली धूल सेहत के लिए हानिकारक होती है लेकिन इस मॉडल से धूल नहीं उड़ेगी। सारी धूल मशीन के अंदर एक कंटेनर में जमा हो जाती है। यह तकनीक इतनी बेहतर है कि इसके पास बैठकर भोजन भी कर सकते है। इसके अलावा रेसिप्रोकेटर सिस्टम मॉडल से पाउडर कोटिग का इस्तेमाल करके साइकल, एक्टीवा और बाइक के पार्टस के पेंट कर सकते है। इसमें 15x15 इंच के पार्ट को 20 मिनट में पूरी तरह पेंट कर देता है।
लेजर कटिंग मशीन से होती है खूबसूरत कटिंग
मोहाली निवासी धरम वीर ने लेजर कटिंग मशीन का मॉडल तैयार किया है। डिजाइनिंग की दुनिया में यह मॉडल बेहद अनोखा है। इस मॉडल में पहले चित्र कंप्यूटर पर तैयार करके मशीन को निर्देश देना होता हैं। ऑटोमेटीक मशीन धातु को खूबसूरत आकार में काट देती है। यह मशीन 6x12 इंच के पार्ट को केवल 5-7 मिनट में तैयार कर देती है।