चंडीगढ़। इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 स्थित एक स्टेशनरी की दुकान से अज्ञात चोर 50 हजार की नकदी और कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए। वारदात का पता उस वक्त लगा जब दुकान खोली गई। सेक्टर-31 थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी की धाराओं में केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में संजीव गुप्ता ने बताया कि वह सेक्टर-42बी स्थित मकान नंबर 1434 में रहते हैं। उनकी इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 स्थित प्लाट नंबर 921 में स्टेशनरी की दुकान है। बीते 8 अगस्त की रात को वह रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर चले गए। इसके बाद 10 अगस्त को जब दुकान खोली तो अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था और काउंटर में रखी 50 हजार की नकदी गायब थी। इसके अलावा दुकान से कैलकुलेटर की एक पेटी, फेवी क्विक की पांच पेटियां और सेलो टेप की चार पेटियां भी गायब थीं। वारदात के करीब एक हफ्ते बाद सेक्टर-31 थाना पुलिस ने चोरी के सामानों की लिस्ट मिलने के बाद अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को आशंका है कि दुकान के पिछले रास्ते से अंदर घुसकर चोरी की गई है। फिलहाल पुलिस ने वारदात स्थल और आसपास के एरिया में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू कर दिया है ताकि आरोपियों की पहचान हो सके।
मैनेजर के घर से लैपटॉप और मोबाइल चोरी
उधर, पुलिस को दी शिकायत में नंद किशोर मैथानी ने बताया कि वह सेक्टर-61 स्थित मकान नंबर 457/बी में परिवार समेत रहते हैं और एक प्रइवेट कंपनी में बतौर मैनेजर कार्यरत हैं। बीते शनिवार को दफ्तर से छुट्टी होने की वजह से घर पर ही थे। दोपहर करीब 2 बजे वह अपने कमरे में सो गए और करीब 4 बजे जब वह उठे तो एक डेल कंपनी का लैपटॉप और उनकी पत्नी का मोबाइल चोरी हो गया था। शिकायत के आधार पर सेक्टर-36 थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।