चंडीगढ़। पीजीआई में 6 अक्तूबर को होने वाले दीक्षांत समारोह में भारतीय परंपरा और संस्कृति की झलक दिखेगी। इसके लिए संस्थान ने छात्रों के लिए विशेष परंपरागत ड्रेस कोड तय किया है। इसके अंतर्गत लड़कों के लिए भूरे रंग के जूते के साथ क्रीम कलर का पजामा कुर्ता और लड़कियों के लिए सुनहरे बॉर्डर वाली क्रीम रंग की साड़ी शामिल की गई है। वहीं, भारतीय परंपरा का प्रतिनिधित्व करते हुए इस दीक्षांत में छात्र विशेष तरह का उत्तरियम भी लेंगे। इसके रंग का निर्धारण उनके कोर्स के अनुसार किया गया है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा होंगे। वह समारोह में लगभग 100 छात्रों को मेडल सहित 1550 डिग्री प्रदान करेंगे। यह दीक्षांत समारोह मुख्य रूप से पैरामेडिकल छात्रों के लिए आयोजित किया गया है। इसमें डीएम, एमसीएच, पीएचडी, एमडी, एमएस, एमपीएच और एमडीएस के छात्र डिग्री प्राप्त करेंगे। पीजीआई प्रशासन ने छात्रों को कपड़ों की व्यवस्था करने की जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं, विशेष तरह के उत्तरियम की व्यवस्था संस्थान अपने स्तर पर करेगा ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके की सभी प्रतिभागी एक पोशाक में ही कार्यक्रम में शामिल हो सके।