केंद्रीय रेल मंत्री सुरेश प्रभु के रेल बजट में मालवा क्षेत्र को बड़ा तोहफा मिला है। इसमें पटियाला-राजपुरा-मोहाली वाया नलास रेल लिंक शामिल है। इसको रेलवे मंत्रालय ने पास कर दिया, जिसकी कुल लागत 403 करोड़ से अधिक है। रेल बजट में राजपुरा-मोहाली लिंक के लिए 30 करोड़ रुपये का प्रावधान रखा है।
इसके अलावा राजपुरा-पटियाला-बठिंडा के डबल लाइन करने संबंधी प्रोजेक्ट को भी रेलवे मंत्रालय ने पास कर दिया है। इस प्रोजेक्ट की कुल लागत 1320 करोड़ से अधिक है। इन प्रोजेक्टों के पास होने से मालवा जोन के लोगों को काफी फायदा होगा, वह सीधे पंजाब की राजधानी चंडीगढ़ से जुड़ जाएंगे।
सांसद डा. धर्मवीर गांधी ने केंद्रीय रेल मंत्री का इन प्रोजेक्टों के पास होने पर धन्यवाद किया है। इस मौके पर अमर उजाला से बात करते हुए डा. गांधी ने कहा कि 50 साल से भी अधिक समय से मालवा क्षेत्र के लोग इन प्रोजेक्टों के लिए तरस रहे थे।
पटियाला-राजपुरा-मोहाली वाया नलास रेल लिंक के बनने से मालवा क्षेत्र के 10 जिले मुक्तसर, बरनाला, फरीदकोट, मानस, संगरूर पटियाला आदि राजधानी चंडीगढ़ से सीधे जुड़ जाएंगे। वर्तमान में सीधा चंडीगढ़ से मालवा रेल लिंक नहीं है। इससे मालवा जोन के लोगों को काफी फायदा होगा।
इन प्रोजेक्टों के शुरू हो जाने से मालवा क्षेत्र में बडे़ उद्योगों के लगने के रास्ते में आने वाली अड़चनें भी दूर हो जाएंगी। हालांकि इस लिंक को रेलवे अथारिटी पहले ही मंजूर कर चुकी है। इस रेल लिंक को पास कराने के लिए सांसद डा. गांधी पिछले करीब एक साल केंद्रीय मंत्री सुरेश प्रभु के अलावा पीएम तक से मिल चुके हैं।