अटारी बार्डर पर पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी
- फोटो : amarujala
पाकिस्तान की कोट लखपत जेल में कैदी सरबजीत की मौत के बाद एक और कैदी किरपाल सिंह की मौत का मामला गरमा गया है। पाक जेल में संदिग्ध अवस्था में मारे गए भारतीय नागरिक किरपाल सिंह के परिवार के साथ बीएसएफ तथा पंजाब पुलिस के साथ धक्का-मुक्की हुई। यह लोग अटारी बार्डर पर पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी और दिल्ली-लाहौर के बीच चलने वाली बस को रोकने गए हुए थे।
किरपाल के जिला गुरदासपुर से उसके भतीजे अश्विनी कुमार, अमृतसर में रह रही उसकी बहन जगीर कौर तथा सर्बजीत की बहन दलबीर कौर समेत 50 के करीब लोग बाद दोपहर अटारी बार्डर पर जा रहे थे। आईसीपी के पास पुलिस तथा बीएसएफ के जवानों ने उनको रोक लिया। इसी दौरान बस गुजरने वाली थी और यह लोग नारेबाजी करते हुए बस को रोकने के लिए आगे बढ़े, मगर जवानों ने उनको रोक लिया। इस दौरान दोनों तरफ से धक्का-मुक्की हुई और फिर यह लोग वहीं पर नारेबाजी करने लगे।
किरपाल के घरवालों का कहना है कि किरपाल की हत्या की गई है और इसको लेकर पाक के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। इसके बाद दोनों फोर्सों के उच्चाधिकारियों ने किसी तरह से समझा-बुझा कर मामला शांत किया फिर वह लोग वापस लौटे।