क्रिकेटर केदार जाधव ने बुधवार सुबह सचखंड श्री हरिमंदर साहिब में माथा टेककर गुरुघर का आशीर्वाद लिया। उनके साथ उनकी पत्नी व बेटी थी। उन्होंने पवित्र परिक्रमा के दर्शन किए। मुख्य भवन में सुशोभित श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के आगे नतमस्तक होकर अरदास की। श्री हरमंदिर साहिब में प्रवेश से पहले केदार जाधव व उनके परिवार ने अपने सर पर खंडा सुशोभित केसरी रंग का रुमाल बांधा।
श्री दरबार साहिब के सूचना केंद्र में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि बीते कई वर्षों उनकी इस महान आध्यात्मिक स्थल पर परिवार सहित अरदास करने की इच्छा थी। क्रिकेट में बिजी रहने व अन्य वजह से दर्शनों के लिए आ नहीं पा रहा थे।
अब क्रिकेट से कुछ छुट्टी मिली है। इसलिए वह अपने परिवार के साथ इस आध्यात्मिक स्थल में अरदास करने पहुंचे हैं। यह इच्छा आज पूरी हुई है। श्री हरमंदिर साहिब में आकर बहुत अच्छा लगा है। यहां माथा टेककर खुशी महसूस हो रही है कि मैंने परिवार के साथ दर्शन किए।
जब उनसे यह पूछा गया की महाराष्ट्र का निवासी होने के कारण आप वहां पर किसकी सरकार देखना चाहते है, इस पर केदार जाधव ने कहा कि वह राजनीति के बारे में कुछ नहीं जानते हैं। प्रदेश में चुनाव हो चुके हैं।
क्रिकेट में व्यस्त रहने के कारण उन्हें समाचार पत्र पढ़ने का समय नहीं मिल पाता है। वह बीते कई दिनों से महाराष्ट्र से बाहर हैं। इसलिए वहां राजनीति में क्या चल रहा है, इसकी जानकरी नहीं है।