चंडीगढ़। शहर में निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे पुष्पेंद्र सिंह के साथ गांव बहलाना में मारपीट का मामला सामने आया है। पुष्पेंद्र सिंह का कहना है कि वीरवार रात जब वह अपना चुनाव प्रचार कर रहे थे तो उनके साथ यह घटना हुई। इसकी शिकायत उन्होंने पुलिस को दे दी है।
पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि वह अकेले अपनी दिव्यांग बहन के साथ चुनाव प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने वीरवार को अपने निजी सिक्योरिटी ऑफिसर को शाम आठ बजे ड्यूटी से फ्री कर वापस घर भेज दिया था। उसके बाद वह अकेले ही चुनाव प्रचार कर रहे थे। इस दौरान एक एक्टिवा सवार युवक को उन्होंने अपना मेनिफेस्टो दिया, इसी बीच वहां एक शराब में धुत युवक आ गया। एक्टिवा सवार ने उस युवक को कुछ कहा, फिर उस युवक ने उन पर हमला कर दिया।
उनका कहना है कि उन पर जो हमला हुआ है, वह किसी न किसी राजनीतिक पार्टी की साजिश है। इस मामले पर हल्लोमाजरा चौकी इंचार्ज गुरविंदर सिंह का कहना है कि उन्हें इस तरह के किसी मामले की जानकारी नहीं है। अगर ऐसा कुछ है तो पता कर उचित कार्रवाई करेंगे।