चंडीगढ़। पंजाब विश्वविद्यालय में इंटरनेट की बाधा दूर नहीं हुई है। लगातार इंटरनेट कमजोर होता जा रहा है। इससे शिक्षकों में आक्रोश है। साथ ही ऑनलाइन कक्षाएं न लगने के कारण छात्र भी परेशान हैं। शोध से लेकर अन्य कार्य भी शिक्षक नहीं कर पा रहे हैं। दिक्कत कहां आ रही है, यह किसी को पता नहीं है। शिक्षकों ने यह आवाज उठाई है और पीयू प्रशासन को अवगत कराया है।
पीयू में कभी इंटरनेट की समस्या नहीं हुई लेकिन कोरोना काल के बाद से दिक्कतें शुरू हो गईं। कुछ दिन पहले कंप्यूटर सेंटर में एक कर्मचारी को कोरोना हो गया। इसके कारण सेंटर पर ताले लग गए। उसके बाद से इंटरनेट की गति लगातार धीमी होती चली गई, जो अब तक ठीक नहीं हुई। बुधवार व वीरवार को कई शिक्षकों ने यह आवाज उठाई।
उन्होंने कहा कि ऑनलाइन कक्षाएं शुरू करने के बाद कुछ देर तो पढ़ा पाते हैं लेकिन बाद में न उनकी आवाज छात्रों तक पहुंच रही है और न छात्रों की आवाज उन तक। ऐसे में ऑनलाइन पढ़ाई कैसे होगी। शोध के लिए भी ऑनलाइन डाटा देखना पड़ता है। वह कार्य भी नहीं हो पा रहा है। ई-मेल भी किसी को भेजते हैं या आती हैं तो उसमें आई फाइल या फोटो भी डाउनलोड नहीं हो पा रही है। शिक्षकों ने पीयू प्रशासन से कहा है कि इस समस्या का निस्तारण कराएं ताकि सभी कार्य सुचारू हो सकें। कुछ शिक्षकों ने तो अपने मोबाइल के जरिये इंटरनेट जोड़कर काम शुरू किया है।