रामदरबार स्थित ईएसआई अस्पताल को कोविड अस्पताल बनाने की मंजूरी देने पर प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह का धन्यवाद किया। बदनौर ने कहा है ईएसआई में 70 बेड का कोविड अस्पताल बनेगा, जिससे कोरोना के मरीजों को काफी लाभ होगा। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को आदेश दिए कि अस्पताल में दवाइयां, ऑक्सीजन, पीपीजी किट आदि की जल्द से जल्द सप्लाई की जाए।
उन्होंने कहा कि कोरोना के मरीजों के इलाज में निजी संस्थाओं की तरफ से जो सहयोग दिया जा रहा है, उससे चंडीगढ़ प्रशासन पर पड़ रहा दबाव काफी कम हुआ है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को आदेश दिए कि कोविड हेल्पलाइन पर आने वाले सभी फोन उठाए जाएं और लोगों के सवालों के जवाब दिए जाएं। प्रशासक ने कहा कि फोन उठाने में की जाने वाली लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ऑक्सीजन की किल्लत की वजह से पंजाब यूनिवर्सिटी के इंटरनेशनल हॉस्टल में बन रहा 100 बेड का अस्पताल अब सोमवार से शुरू होगा। प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने कहा कि सोमवार से शुरू होने के बाद इस अस्पताल में आगे भी सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। बदनौर ने सिटको के चेयरमैन को आदेश दिए कि वह होटल पार्क व्यू में कोविड अस्पताल बनाने की संभावनाओं को तलाशें। उन्होंने कहा कि यह सुविधा पेमेंट के आधार पर होगी।
बदनौर ने सुझाव दिया कि इंडियन मेडिकल एसोसिएशन इस कोविड अस्पताल को चलाएं। बदनौर ने शहर में ऑक्सीजन की सप्लाई की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शहर में फिलहाल ऑक्सीजन की कमी नहीं है। प्रशासक ने कहा कि शहर में शनिवार और रविवार को लगने वाले कोरोना कर्फ्यू (वीकेंड कर्फ्यू) का सख्ती से पालन किया जाए। जो भी बेवजह बाहर घूम रहा हो, उसका चालान काटा जाए।