रावण दहन पर पंजाब में भी पटना के गांधी मैदान जैसा हादसा हो सकता था जिसमे 40 से ज्यादा हताहत हुए। दरअसल, पंजाब के सुनाम (संगरूर)। दशहरे मेले के दौरान गुब्बारे में गैस भरने वाले सिलेंडर के फटने से 12 साल के एक बालक की मौत के अलावा गुब्बारे बेचने वाले व्यक्ति की दोनों टांगें उड़ गई।
वहीं पास खडे़ एक व्यक्ति की आंखें चली गईं। दोनों का संगरूर के सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस हादसे से यदि भगदड़ मचती तो यहां कई और लोग हताहत हो सकते थे। वहीं जहां यह हादसा हुआ वहां रेलवे ट्रैक से महज बीस गज की दूरी पर रावण दहन किया जा रहा था।
जिस वक्त रावण दहन का समय हुआ ठीक उसी समय करीब छह बजे यहां से दिल्ली-जम्मू शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन ने गुजरना था। रावण दहन को देखने के लिए करीब तीन से चार हजार लोगों की भीड़ रेलवे ट्रैक पर जमा थी।
बार-बार शताब्दी के आने की घोषणा के बावजूद भीड़ पीछे हटने का नाम नहीं ले रही थी और आखिरकार शताब्दी को ही करीब दस मिनट के लिए रोकना पड़ा।