पंचकूला, मोहाली और चंडीगढ़ ट्राईसिटी में मेट्रो रेल परियोजना को लेकर राइटस (रेल इंडिया टेक्निकल एंड इकोनोमिक सर्विसिस) की ओर से प्रस्तुत की गई इंसेप्शन रिपोर्ट (स्थापना रिपोर्ट) को समिति ने शुक्रवार को मंजूरी प्रदान कर दी है। वहीं अब एजेंसी दिसंबर 2023 के अंत तक एएआर का मसौदा तैयार कर प्रशासन को सौंप देगी।
चंडीगढ़ के प्रशासक के सलाहकार डॉ. धर्मपाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को यूटी सचिवालय में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें राइट्स शहर में मेट्रो रेल की स्थापना को लेकर विस्तृत प्रेजेंटेशन दी। यह क्षेत्रीय परिवहन बुनियादी ढांचे को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। बैठक में राइट्स द्वारा ट्राइसिटी के लिए एएआर और डीपीआर की तैयारी के लिए आरंभिक रिपोर्ट की प्रस्तुति दी गई, जिसमें हरियाणा और पंजाब राज्यों के प्रमुख हितधारकों ने भी भाग लिया।
इस बैठक में कॉप्रिहेंसिव मोबिलिटी प्लान (सीएमपी) के तहत पहचाने गए प्रमुख रूट को लेकर ट्राई सिटी के प्रमुख स्थलों को कवर करने के उद्देश्य से विभिन्न विकल्पों पर भी चर्चा की गई। राइटस द्वारा सौंपी गई रिपोर्ट में सवारियों की संख्या, संरेखण, स्टेशन योजना, मल्टी-मॉडल एकीकरण, लागत, आर्थिक व्यवहार्यता, वित्तीय स्थिरता, पर्यावरणीय प्रभाव, किराया, आपदा तैयारी, साइबर सुरक्षा और सहित कई महत्वपूर्ण पहलुओं का व्यापक मूल्यांकन किया गया।
बैठक में पंजाब और हरियाणा के हितधारकों ने मौजूदा नेटवर्क में अतिरिक्त मार्गों और उनके संवर्द्धन का भी सुझाव दिया। शुक्रवार को हुई बैठक की रिपोर्ट को प्रशासक की अध्यक्षता में गठित यूएमटीए के अनुमोदन के लिए प्रस्तुत किया जाएगा।
कुल 79.5 किलोमीटर होगा मेट्रो नेटवर्क का पहला चरण
1. पारौल, न्यू चंडीगढ़ से पंचकूला एक्सटेंशन - 32.5 किमी
2. रॉक गार्डन से आईएसबीटी जीरकपुर वाया आईएसबीटी चंडीगढ़
3. मोहाली और चंडीगढ़ हवाई अड्डा - 34 किमी
4. ग्रेन मार्केट चौक से ट्रांसपोर्ट लाइट/टिंबर मार्केट, सेक्टर-26 - 13 किमी