चंडीगढ़। सेक्टर 16 के पंजाब कला भवन स्थित गैलरी में कीरत पंधेर की आर्किटेक्चर फोटोग्राफी, स्केचर और ड्राइंग प्रदर्शनी का शुभारंभ हुआ। पंजाब के लुधियाना की रहनेवाली कीतर पंधेर न्यूयार्क में रहती हैं। स्थापत्य कला और फोटोग्राफी के इस संगम का उद्घाटन पंजाब के सेवानिवृत्त मुख्य वास्तुकार सुरिंदर सिंह सेखों और प्रख्यात फोटोग्राफर भूपिंदर बराड़ ने संयुक्त रूप से किया। यह प्रदर्शनी 9 अक्तूबर तक चलेगा।
तीन दिवसीय इस प्रदर्शनी का नाम अ पिलग्रिमेज इन फ्रैगमेंट्स यानी एक आर्किटेक्चर की यात्रा रखा गया है। इसमें यूरोप के विभिन्न हिस्सों में स्थित प्राचीन और आधुनिक स्थापत्य कला से संबंधित तस्वीरें प्रदर्शित की गई हैं।
कीरत पंधेर ने बताया कि उन्होंने अपने 50 दिवसीय यूरोपीय दौरे के दौरान ये तस्वीरें खींची थी। प्रदर्शनी में उनके 35 फोटो और ड्राइंग रखा गया है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी से संबंधित एक पुस्तिका का भी विमोचन किया गया। उन्होंने कहा कि वे 12वीं तक लुधियाना में पढ़ाई की हैं। पिता और भाई फोटो खींचते थे। जहां प्रदर्शनी लगती वहां भी पिता और भाई के साथ जाती रहती। वहीं से फोटो खींचने की ललक बढ़ी।
सुरिंदर सिंह सेखों ने कहा कि वे कीरत की वास्तुकला के साथ-साथ कला, संस्कृति, लोक जीवन, इतिहास आदि के विभिन्न रूपों में गहरी रुचि से बहुत प्रभावित हुए। भूपिंदर बराड़ ने कहा कि रंगों और प्रकाश के बीच के संबंधों के बारे में कीरत की समझ अत्यंत उल्लेखनीय है। प्रख्यात विचारक अमरजीत सिंह ग्रेवाल ने कहा कि यह प्रदर्शनी किरत के पंजाब में पालन-पोषण, अमेरिका में तकनीकी शिक्षा और यूरोप में वास्तुकला के अनूठे संगम का परिणाम है।
पंजाब कला परिषद के अध्यक्ष स्वर्णजीत सवी ने कहा कि तस्वीरों के साथ-साथ वास्तुकला से संबंधित रेखाचित्रों और पुस्तिकाओं को देखकर उनके काम के प्रति समर्पण और जुनून का पता चलता है। इस मौके पर प्रख्यात हिंदी लेखक प्रेम विज, डाॅ. विनोद शर्मा, फिल्म निर्माता गुरविंदर, डॉ. योगराज, जसवंत जफर, डॉ. बलवीर कौर पंधेर सहित कई हस्तियां उपस्थित रहीं।