चंडीगढ़। मलोया आरसी-1 के सरकारी स्कूल में बुधवार को दिन में स्कूल की छुट्टी होने से पहले दो युवक जबरदस्ती स्कूल में घुसने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान स्कूल सुरक्षाकर्मी ने युवकों को रोकने की कोशिश की लेकिन युवकों ने बात नहीं मानी। मौके पर शिक्षक ने आकर युवकों को रोका। इस पर युवकों ने चाकू दिखाकर शिक्षक को डराने की कोशिश की। शिक्षक के विरोध करने पर अन्य शिक्षक भी वहां पहुंच गए और मिलकर युवकों को स्कूल से बाहर निकाला। स्कूल ने घटना की जानकारी शिक्षा विभाग को दी।
शिक्षा निदेशक की ओर से स्कूल को पुलिस में शिकायत दर्ज करवाने को लेकर कहा गया है। इसके साथ ही निदेशक की ओर से घटना की डिटेल रिपोर्ट वीरवार को उन्हें मुहैया करवाने का निर्देश दिया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी प्रभजोत कौर ने बताया कि स्कूल की ओर से उन्हें घटना की जानकारी दी गई है। किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ है।
शिक्षकों के विरोध करने पर युवक स्कूल से बाहर निकल गए थे इसलिए शिक्षकों ने मौके पर पुलिस को सूचना नहीं दी थी। स्कूल को शिकायत करवाने के लिए कहा गया है। विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए स्कूल शुरू होने और छुट्टी के समय हम प्रयास करेंगे कि पीसीआर वैन स्कूल के बाहर मौजूद रहे जिससे छात्रों को किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं आए।