-79 पुलिस नाकों से शरारती तत्वों पर कड़ी नजर, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 23 पार्किंग स्थल चिह्नित
-
फतेहगढ़ साहिब। छोटे साहिबजादों और माता गुजरी जी की अद्वितीय शहादत को समर्पित चार दिवसीय शहीदी सभा के मद्देनजर जिला पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं। एसएसपी शुभम अग्रवाल के नेतृत्व में जिला पुलिस ने शहीदी सभा स्थल और आसपास के क्षेत्रों में अभेद्य सुरक्षा घेरा तैयार किया है ताकि देश-विदेश से आने वाली लाखों संगतें सुरक्षित और सुगम ढंग से श्रद्धांजलि अर्पित कर सकें।
एसएसपी शुभम अग्रवाल ने बताया कि सुरक्षा के लिए आधुनिक तकनीक का भरपूर इस्तेमाल किया जा रहा है। पूरे क्षेत्र पर छह हाईटेक ड्रोन के जरिये आसमान से निगरानी रखी जाएगी, जबकि विभिन्न मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर 300 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों के माध्यम से जेबकतरों, असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रहेगी।
छह सेक्टर और 3500 पुलिसकर्मी
अमन-कानून बनाए रखने के लिए जिले की सीमाओं और आंतरिक मार्गों पर कुल 79 पुलिस नाके लगाए गए हैं। पूरे आयोजन क्षेत्र को छह सेक्टरों में विभाजित किया गया है। फतेहगढ़ साहिब सहित आसपास के जिलों से करीब 3500 पुलिस अधिकारी व कर्मचारी सुरक्षा, यातायात और संगत की सहायता में तैनात रहेंगे। श्रद्धालुओं की मदद के लिए छह पुलिस सहायता केंद्र भी स्थापित किए गए हैं, जहां खोए हुए बच्चों और बुजुर्गों को उनके परिजनों से मिलाने की विशेष व्यवस्था रहेगी।
यातायात और पार्किंग के विशेष इंतजाम
यातायात को सुचारू रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। बाहर से आने वाले वाहनों के लिए 11 वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं, जबकि शहर के भीतर 19 विशेष ट्रैफिक प्वाइंट बनाए गए हैं। संगतों के वाहनों के लिए करीब दो दर्जन छोटी-बड़ी पार्किंगों के लिए स्थान चिन्हित किए गए हैं, ताकि जाम की समस्या न हो। 23 पार्किंग स्थल चिह्नित किए गए हैं। 6 पुलिस सहायता केंद्र बनाए गए हैं।
25 से 28 दिसंबर तक होगी शहीदी सभा
शहीदी सभा 25 से 28 दिसंबर तक गुरुद्वारा श्री फतेहगढ़ साहिब में आयोजित की जा रही है। डिप्टी कमिश्नर डॉ. सोना थिंद ने अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की और स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
20 अस्थायी क्लीनिक, 7 डिस्पेंसरियां
डॉ. सोना थिंद ने बताया कि संगतों की सुविधा के लिए पांच रैन बसेरे बनाए गए हैं। शटल बस सेवा, फतेहगढ़ साहिब के आंतरिक क्षेत्रों में नि:शुल्क ई-रिक्शा सेवा, नियमित सफाई, स्वच्छ पेयजल और चिकित्सा सुविधाओं की पुख्ता व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 20 अस्थायी आम आदमी क्लीनिक और सात डिस्पेंसरियां स्थापित की जा रही हैं। 25 और 26 दिसंबर को जिला प्रशासनिक परिसर में विशाल रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। इसके अलावा सरकारी विभागों की प्रदर्शनियां, सूचना केंद्र, निर्बाध बिजली आपूर्ति, पर्याप्त रोशनी, स्मारक द्वारों का रंग-रोगन और लिंक सड़कों की मरम्मत के कार्य समय पर पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं। डिप्टी कमिश्नर ने आम खास बाग में 25 व 26 दिसंबर की शाम आयोजित होने वाले ऐतिहासिक नाटक के प्रबंध समय पर पूरे करने के भी निर्देश दिए। बैठक में पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।