चंडीगढ़। शहर में विदेश भेजने के नाम पर ठगी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। अलग-अलग थानों में विदेश भेजने के नाम पर करीब 91 लाख रुपये की ठगी करने के पांच मामले दर्ज किए हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर मामलों में जांच शुरू कर दी है।
पहले मामले में गुरनाम सिंह निवासी बागान होशियारपुर की शिकायत पर सेक्टर-3 थाने में गल्फ वीजा पॉइंट के मालिक व अन्य के खिलाफ आईपीसी 420, 120 बी के तहत केस दर्ज किया है। शिकायत में चंडीगढ़ के सेक्टर-8सी में रहने वाले अरार सिंह पर वीजा लगवाने के लिए 37 हजार रुपये की ठगी करने का आरोप लगाया है।
दूसरे मामले में जगत सिंह, निवासी कुरुक्षेत्र और अन्य शिकायतकर्ताओं की शिकायत पर सेक्टर-17 थाने में केस दर्ज किया है। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि सेक्टर-17डी स्थित इमिग्रेशन कंपनी के कार्यालय में गए। कंपनी ने उन्हें कनाडा में वर्क वीजा पर भेजने का वाद किया और उनके पास से कुल 68.93 लाख रुपये ले लिए लेकिन बाद में न तो कंपनी की ओर से उनका वीजा लगवाया और न ही बाद में पैसे वापस किए। इसके चलते पुलिस को शिकायत दी गई, जिसके आधार पर 17डी स्थित इमिग्रेशन कंपनी के मालिक खुशपाल सिंह सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है।
एक अन्य मामले में कोलकाता निवासी मोहम्मद आबिद और अन्य की शिकायत पर सेक्टर-19 थाने में धारा-409, 420, 120बी आईपीसी और इमिग्रेशन एक्ट-24 के तहत मामला दर्ज किया है। आबिद ने बताया कि सेक्टर-20डी स्थित प्रिज्म सर्विस कंपनी संचालकों ने उससे वीजा लगवाने के लिए कुल 18 लाख रुपये लिए लेकिन बाद में उसका वीजा नहीं लगवाया। इसी तरह से ईएसआईसी हाउसिंग सोसाइटी, सेक्टर 51बी, निवासी 65 वर्षीय निवासी दलबारा सिंह की शिकायत पर सेक्टर-49 थाने में आईपीसी 420 के तहत केस दर्ज किया है। शिकायतकर्ता के अनुसार सेक्टर 38डी निवासी अनुराग शर्मा ने उससे वीजा लगवाने के लिए 5 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है।