चंडीगढ़। जीएमसीएच-32 के बाहर अतिक्रमण की समस्या लगातार बढ़ रही है। अस्पताल के मुख्य रास्तों और आसपास की जगहों पर अवैध दुकानों और रेहड़ियों की कतारें लगी हैं। इससे डॉक्टरों, कर्मचारियों, मरीजों और उनके तीमारदारों को आवाजाही में परेशानी झेलनी पड़ रही है। कई जगह रास्ते संकरे हो गए हैं। पैदल चलने वालों को भी वाहनों के बीच से निकलना पड़ता है। वहीं, खुले में खाद्य पदार्थों की बिक्री से स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि इलाज के लिए पहुंचने के दौरान ही उन्हें मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। अतिक्रमण के कारण वाहनों को निकालना कठिन हो जाता है। डॉक्टरों का कहना है कि अस्पताल के आसपास के रास्ते मरीजों और एंबुलेंस की आवाजाही के लिए खुले रहने चाहिए, लेकिन दुकानों और रेहड़ियों के कारण व्यवस्था प्रभावित हो रही है। सार्वजनिक रास्तों और फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने को लेकर सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बावजूद अस्पताल के आसपास हालात में सुधार नहीं दिख रहा है। स्थानीय लोगों ने नगर निगम से नियमित कार्रवाई कर रास्तों को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है।
क्या कहते हैं लोग
रास्ते से वाहन निकालना भी मुश्किल
अस्पताल आने वाले मरीजों को बाहर दुकानों और रेहड़ियों के कारण रास्ते में काफी परेशानी होती है। कई बार वाहन निकालना भी मुश्किल हो जाता है। प्रशासन को इस समस्या पर ध्यान देना चाहिए, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को राहत मिल सके। -दिनेश कुमार, सेक्टर-32 निवासी
लंगर के बावजूद खुले में बिक रहा खाना
अस्पताल में 12 घंटे तक लंगर चलता है, इसके बावजूद बाहर खुले में अस्वच्छ तरीके से खाने-पीने का सामान बेचा जा रहा है। इससे खाद्य सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। फूड सेफ्टी विंग और नगर निगम को इस मामले में कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि अस्पताल आने वाले लोगों को साफ-सुथरा भोजन मिल सके। -सौरभ सिंह, सेक्टर-34 निवासी
कोट-
इस संबंध में नगर निगम प्रशासन से वार्ता की जाएगी। अस्पताल के आसपास अतिक्रमण की समस्या को दूर करने के लिए मिलकर काम किया जाएगा ताकि मरीजों, डॉक्टरों और अन्य लोगों को आवाजाही में परेशानी न हो। -प्रो. रवनीत कौर, डायरेक्टर प्रिंसिपल, जीएमसीएच-32