सीएचबी की इंफोर्समेंट विंग रामदरबार में अवैध निर्माण गिराती हुई।
चंडीगढ़। शहर में बिना अनुमति नया निर्माण करने के खिलाफ चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड (सीएचबी) का अभियान जारी है। बुधवार को सीएचबी की इंफोर्समेंट विंग ने रामदरबार में चार मकानों में किए गए अवैध निर्माण को गिरा दिया। इसके अलावा एक व्यक्ति ने सीएचबी के इंफोर्समेंट विंग की कार्रवाई को देखने के बाद खुद ही अवैध निर्माण तोड़ दिया है।
सीएचबी के एक अधिकारी ने बताया कि रामदरबार में उन मकान मालिकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है, जिन्हें किए जा रहे अवैध निर्माण रोककर तुरंत इन्हें गिराने के लिए निर्देश दिए गए थे। नोटिस देने के बावजूद लोगों ने आदेश का पालन नहीं किया। इस कारण सीएचबी ने खुद ही अवैध निर्माण गिराना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि यहां कई आवंटियों का चालान किया गया है, जिनके खिलाफ जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। यह भी बताया कि जहां कहीं भी बिना अनुमति के नया निर्माण मकानों में शुरू होता है तो बोर्ड तुरंत उसके खिलाफ कार्रवाई करता है। पहले नोटिस जारी कर तीन दिन का समय दिया जाता है। अगर तीन दिन के अंदर निर्माण कार्य रोककर अवैध निर्माण नहीं हटाया जाता तो बोर्ड की तरफ से कार्रवाई की जाती है। बोर्ड की ओर से इस पर आया खर्च भी आवंटियों से ही वसूला जाता है।