सोशल मीडिया में वायरल डांस चैलेंज देश भर की पुलिस के लिए सिरदर्द बन चुका है। किकी चैलेंज नाम से वायरल हो रहे वीडियो मैसेज ब्लू व्हेल गेम की तरह खतरनाक है। इसमें गाड़ी से उतर कर चलती कार के साथ डांस करना है। विदेशों में कई जगह डांस स्टेप करने से युवाओं का गंभीर एक्सीडेंट भी हो चुका है। अब भारत में भी कई जगह इस तरह के वीडियो देखने को मिले हैं।
चंडीगढ़ ट्रैफिक एसएसपी शशांक आनंद ने अपने ट्विटर अकाउंट से युवाओं को इस तरह के चैलेंज को करने से मना किया है। उन्होंने कहा है कि यदि कोई ऐसा करता पाया गया तो उसके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी और गाड़ी भी इम्पाउंड की जाएगी।
यह चैलेंज कैनेडियन रैपर ड्रेक के गाने किकी डू यू लव मी से लिया गया है। किकी डांस चैलेंज के दौरान गाड़ी की रफ्तार 10 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहती है। यह बेहद खतरनाक है और इससे कई तरह के लगातार हादसे हो चुके हैं। चंडीगढ़ पुलिस ने ट्वीट कर ऐसा ही वीडियो डालकर लोगों को अवेयर किया है कि इस तरह के डांस स्टेप को न अपनाएं। यह ट्रेंड पंजाब और हरियाणा में लगातार बढ़ रहा है।
इसे पूरा करने के लिए पंजाब के युवा खतरनाक स्टंट भी कर रहे हैं। पंजाब के युवा तो इन माय फीलिंग्स के पंजाबी वर्जन के साथ भी आ गए हैं। इससे पहले मुंबई पुलिस और दिल्ली पुलिस ने किकी चैलेंज को लेकर वॉर्निंग दी है। कहा है कि ऐसा करने वालों का चालान काटने से लेकर गिरफ्तारी तक की जा सकती है। दूसरे देशों जैसे स्पेन, यूएस, मलयेशिया और यूएई की पुलिस ने लोगों को इस चैलेंज से खतरे पर अलर्ट जारी किया है।
क्या है किकी चैलेंज
इस चैलेंज में लोग कैनेडियन रैपर ड्रेक के सॉन्ग पर गाड़ी से उतरकर चलती गाड़ी के साथ डांस करते हैं। दिलचस्प बात यह भी है कि कैनेडियन रैपर ड्रेक के सॉन्ग In My Feelings के वीडियो में कहीं भी ऐसा डांस नहीं है। यह गाना ड्रेक के स्कॉर्पियन एलबम से है। इसमें गाने की लाइन है किकी डू यू लव मी? लोग इस चैलेंज को स्वीकार करके चलती गाड़ी के साथ डांस करते हैं। इस दौरान उन्हें अपने पैरों की स्पीड और ट्रिक्स का भी ध्यान रखना होता है।
अवेयर करने के लिए ट्रैफिक एसएसपी ने डाला वीडियो
किकी चैलेंज से लोगों को अवेयर करने के लिए ट्रैफिक एसएसपी शशांक आनंद ने रेडियो चैनल के साथ मिलकर एक वीडियो बनाया है, जिसमें दिखाया गया है कि एक युवक किकी चैलेंज के डांस स्टेप को कर रहा है, तभी एसएसपी शशांक आनंद आ जाते हैं और युवक को पकड़ लेते हैं। इस वीडियो को शशांक आनंद ने अपने ट्विटर एकाउंट पर भी शेयर किया है।
पिछले कुछ समय से किकी डांस का क्रेज तेजी से बढ़ता चला आ रहा है। यह एक चैलेंज है, जिसमें सड़क हादसे होने की ज्यादा संभावना है। शहर के युवाओं से अपील है कि इस तरह के किकी डांस के स्टेप को न अपनाएं। इसके अलावा अभिभावक भी अपने बच्चों का पूरा ख्याल रखें कि इस तरह के चैलेंज से उन्हें दूर करें। अगर कोई भी ऐसा करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई कर गाड़ी इम्पाउंड कर ली जाएगी।
-शशांक आनंद, एसएसपी ट्रैफिक, चंडीगढ़।