चंडीगढ़। यूटी प्रशासक के सलाहकार मनोज परिदा ने बुधवार को कहा कि शहर में अभी आधा लॉकडाउन लगाया गया है, लेकिन अगर कोरोना के मामले तेजी से बढ़ते रहे तो संपूर्ण लॉकडाउन भी लगाया जा सकता है। परिदा सेक्टर-24 स्थित इंदिरा हॉलीडे होम में कोंपिटेंट फाउंडेशन और भारत विकास परिषद की ओर से तैयार किए गए मिनी कोविड केयर सेंटर के उद्घाटन के अवसर पर पहुंचे थे।
सलाहकार मनोज परिदा ने कहा कि सरकार ही सब कुछ करेगी, लोगों की ये उम्मीद कोरोना के दौर में पूरा नहीं हो सकती है। इसलिए प्रशासन ने शहर के सभी लोगों, एनजीओ, संस्थाओं, एसोसिएशन आदि से आग्रह किया था कि वह मदद के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन के पास हेल्थ स्टॉफ और ऑक्सीजन सिलिंडर की कमी है। हालांकि, ऑक्सीजन की कमी नहीं है। परिदा ने कहा कि शहर की अन्य संस्थाओं को भी कोंपिटेंट फाउंडेशन की तरह आगे आना चाहिए। कोरोना महामारी से मिलकर ही लड़ाई लड़ी जा सकती है। इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह भी उपस्थित रहे। सौदान सिंह ने कहा कि एक दिन पहले ही उन्होंने यहां का दौरा किया था और सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। यहां पर मरीजों की देखभाल बेहतर होगी। संजय टंडन ने बताया कि इंदिरा हॉलीडे होम में 48 बेड का मिनी कोविड केयर सेंटर शुरू किया गया है। इस सेंटर में चार बेड पर ऑक्सीजन की सुविधा है, लेकिन आने वाले कुछ दिनों में 40 बेड पर ऑक्सीजन की सुविधा दी जाएगी। गौरतलब है कि प्रशासन ने भी हर मिनी कोविड केयर सेंटर में 80 प्रतिशत बेड पर ऑक्सीजन की सुविधा देने का नियम तय किया है।
सीधे आने वाले मरीजों को नहीं किया जाएगा भर्ती, जीएमएसएच-16 करेगा रेफर
कोंपिटेंट फाउडेंशन के अध्यक्ष व भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन ने बताया कि मिनी कोविड केयर सेंटर में जीएमएसएच-16 से कोरोना के मरीज भेजे जाएंगे। सीधे सेंटर आने वाले मरीजों को भर्ती नहीं किया जाएगा। यहां के सभी कमरों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। सभी गतिविधियों को मरीज के परिजन लाइव अपने मोबाइल पर देख सकेंगे। मरीजों का दिन में तीन बार शरीर का तापमान, ब्लड प्रेशर, ऑक्सीजन लेवल आदि की जांच जाएगी और एक मोबाइल एप के माध्यम से सभी जानकारी मरीज के परिजनों को दी जाएगी। ई-मेल के माध्यम से भी जानकारी भेजी जाएगी। कमरे में टीवी, हर बेड पर श्रीमद्भागवत गीता, स्टीमर, पावर कनेक्शन व इम्युनिटी बूस्टर मुहैया कराए गए हैं। इसके लिए पीजीआई स्थित इंफोसिस सराय की कैंटीन से खाना बनकर आएगा।