आईसीएसई बोर्ड की ओर से घोषित दसवीं के परीक्षा परिणाम में मुक्तसर के लिटिल फ्लॉवर कान्वेंट स्कूल का छात्र मनहर बंसल (16) ने देश में टॉप किया है। मनहर ने 500 में से 498 (99.6) अंक हासिल किए हैं। मंगलवार शाम को स्कूल में मनहर की इस उपलब्धि पर उत्सव का माहौल नजर आया।
हालांकि दिल्ली में होने के कारण मनहर इस खुशी के मौके पर शामिल नहीं हो पाया लेकिन मनहर के पिता डॉ. मदन मोहन बंसल और माता वंदना बंसल इस मौके पर मौजूद रहे। स्कूल प्रबंधकों ने मुंह मीठा करवाकर उन्हें बधाई दी।
डॉ. मदन मोहन बंसल ने बताया कि मनहर इस समय दिल्ली के आरके पुरम स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल से ग्यारहवीं कर रहा है। डॉ. बंसल के अनुसार उनका बेटा पढ़ाई में शुरू से ही होशियार रहा है। सुबह जल्दी उठकर मेडिटेशन करता है। टीवी पर न्यूज देखना और डिबेट में हिस्सा लेना भी उसका शौक है।
अफसर बनना चाहते हैं मनहर
डॉक्टरों की फैमिली से होने के बावजूद मनहर प्रशासनिक सेवा में जाना चाहते हैं। इसलिए उसने ग्यारहवीं कक्षा में आर्ट्स में दाखिला लिया है। मनहर कहता है कि परिवार में सभी डॉक्टर ही हैं लेकिन वह अधिकारी बनकर लोगों की सेवा करना चाहता है।