अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। भ्रष्टाचार के अलग-अलग मामलों में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो द्वारा गिरफ्तारी के बाद ढाई महीने से निलंबित चल रहे आईएएस विजय दहिया और जयबीर सिंह आर्य को हरियाणा सरकार ने बहाल कर दिया है। वीरवार को दोनों आईएएस अधिकारियों की बहाली के आदेश जारी कर दिए। हालांकि, अभी तक दोनों अधिकारियों को कोई विभाग नहीं दिया गया है। संभावना है कि आगामी कुछ दिनों में इनको विभाग भी सौंपे जाएंगे।
गौर हो कि हरियाणा रोजगार कौशल निगम में फैले भ्रष्टाचार का खुलासा करते हुए एसीबी की टीम ने बिचौलिया महिला को गिरफ्तार किया था। महिला की व्हाट्सअप चैटिंग और काल डिटेल के आधार पर जांच आगे बढ़ाते हुए ब्यूरो ने 10 अक्टूबर की शाम को हरियाणा रोजगार कौशल निगम के तत्कालीन आयुक्त विजय दहिया को रिश्वत लेने के आरोप में एसीबी ने गिरफ्तार किया था। इसके दो दिन बाद ही एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने 12 अक्टूबर को हरियाणा वेयर हाउसिंग कारपोरेशन के प्रबंध महानिदेशक जयबीर आर्य को कुरुक्षेत्र में वेयर हाउसिंग कारपोरेशन के जीएम के पद पर पोस्टिंग कराने के लिए किसी अधिकारी से तीन लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया था। प्रदेश सरकार ने 31 अक्टूबर को दोनों आईएएस अधिकारियों को निलंबित कर दिया था। दोनों अधिकारी अब जमानत पर जेल से बाहर आ चुके हैं। मामले अदालत में हैं, इसलिए जांच अभी लंबी चलेगी, इसलिए मामले में अंतिम निर्णय आने तक दोनों अधिकारियों को बहाल कर दिया गया है।