नववर्ष के अवसर पर हरियाणा आईएएस ऑफिसर्स एसोसिएशन ने कराया समारोह का आयोजन
चंडीगढ़। हरियाणा आईएएस ऑफिसर्स एसोसिएशन की ओर से शनिवार को नव वर्ष के उपलक्ष्य पर एक समारोह का आयोजन कराया गया। समारोह में राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बतौर विशिष्ट अतिथि शिरकत की। एसोसिएशन के अध्यक्ष व मुख्य सचिव डॉ. विवेक जोशी और सचिव डॉ. अमित अग्रवाल ने राज्यपाल और मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने आईएएस अधिकारियों से आह्वान किया कि सभी अधिकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत संकल्प को साकार करने में अहम भूमिका अदा करें। नए वर्ष में नए संकल्प और नए विजन के साथ कार्य करें और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाकर उन्हें उनका लाभ देने का काम करें।
राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कहा, भोज में विशेष रूप से श्री अन्न से बने व्यंजनों को शामिल किया गया है। मोटा अनाज हमारी सदियों की विरासत की पहचान कर रहा है और आज के समय में भी ये उतना ही उपयोगी है। श्री अन्न की विरासत को हरियाणा सरकार निरंतर पहचान दिला रही है। इस दौरान मुख्य सचिव डॉ. विवेक जोशी ने कहा, हमारी एसोसिएशन समय-समय पर प्रशासनिक दक्षता को बढ़ाने के लिए सेमिनार, ट्रेनिंग प्रोग्राम व अन्य कार्यक्रम करवाती रहती है। इसी कड़ी में यह आयोजन किया गया है। मौके पर मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता, सूचना, जन संपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के महानिदेशक के मकरंद पांडुरंग समेत कई आईएएस मौजूद रहे।