पंजाब के जालंधर में तैनात लैंड रिकार्ड के डायरेक्टर आईएएस अधिकारी बलिवंदर सिंह धालीवाल ने सोमवार को अपना इस्तीफा पंजाब सरकार को भेज दिया। धालीवाल पंजाब के कई जिलों में डिप्टी कमिश्नर के अलावा जालंधर निगम के कमिश्नर भी रहे हैं। धालीवाल पिछले कुछ समय से फगवाड़ा की राजनीति में गुपचुप तरीके से सरगर्म थे। उनकी गिनती एक अच्छी व साफ छवि वाले अधिकारियों के रूप में होती है। वह कैप्टन अमरिंदर सिंह के निकटवर्ती माने जाते हैं।
फगवाड़ा में भाजपा के विधायक सोमप्रकाश कैंथ थे, जो होशियारपुर से सांसद बने और अब केंद्र सरकार में राज्यमंत्री हैं। उनके लोकसभा में जाने से फगवाड़ा की सीट खाली हो गई थी। इस सीट पर कांग्रेस की तरफ से जोगिंदर सिंह मान भी प्रबल दावेदार थे, जो 2017 का चुनाव हार चुके हैं। सूत्रों के अनुसार, कैप्टन अमरिंदर सिंह इस बार फगवाड़ा से मास्टर स्ट्रोक खेलने जा रहे हैं। उन्होंने बीएस धालीवाल को टिकट देने का फैसला लगभग ले लिया है और यही वजह है कि धालीवाल ने पद से इस्तीफा दे दिया।
धालीवाल ने कहा कि उन्होंने सरकार को अपना इस्तीफा भेज दिया है और वह चुनाव प्रचार शुरू कर देंगे। धालीवाल काफी समय तक फगवाड़ा में एसडीएम रह चुके हैं और फगवाड़ा में उनकी अच्छी छवि बनी हुई है। वहीं फगवाड़ा में मुकाबला दिलचस्प होने की संभावना है। सोमप्रकाश भी एक आईएएस अधिकारी रह चुके हैं और वह अपनी पत्नी को टिकट दिलाने के लिए जोेर लगा रहे हैं। अगर उनकी पत्नी को टिकट मिलता है तो सूबे के दो रिटायर आईएएस अधिकारियों में सीधी टक्कर होने का मुकाबला देखने को मिलने वाला है।