लालड़ू। डेराबस्सी टिप्पर हादसे के बाद हंडेसरा इलाके में बेलगाम तेज रफ्तार से दौड़ रहे एक टिप्पर की चपेट में आने से 57 वर्षीय मोटरसाइकिल चालक की मौत हो गई। वहीं, मृतक की पत्नी गंभीर रूप से जख्मी हो गई। उसे उपचार के लिए सरकारी अस्पताल सेक्टर-32 चंडीगढ़ में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मृतक की पहचान धर्म सिंह निवासी सरदारपुरा कॉलोनी लालड़ू मंडी के तौर पर हुई है। थाना हंडेसरा के एएसआई जीवन सिंह ने बताया कि मृतक धर्म सिंह की पत्नी धर्म कौर (55) वर्ष ने शिकायत में कहा कि वह रविवार सुबह करीब 10:20 बजे अपनी मोटरसाइकिल पर गुरुद्वारा पंजोखरा साहिब में माथा टेकने के लिए जा रहे थे। जैसे ही वह गांव बसौली से तंसिबली मोड़ की ओर मोड़ने लगे तो तंसिबली की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार टिप्पर ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इसके चलते वे दोनों नीचे गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। राहगीरों ने तुरंत उन्हें डेराबस्सी सरकारी अस्पताल में पहुंचाया। जहां पर उन्हें पता चला कि उनके पति धर्म सिंह की मौत हो गई है जबकि डॉक्टरों ने उन्हें गंभीर चोट लगने के कारण जीएमसीएच-32 रेफर कर दिया। पुलिस ने फरार टिप्पर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है।