शराब पीकर घर आने पर व्यक्ति का अपनी पत्नी व अन्य परिजनों से झगड़ा हो गया। झगड़े के बाद पत्नी व परिजन कमरे में जाकर सो गए। जबकि व्यक्ति बरामदे में ही लेट गया। सुबह जब परिजन उठे तो व्यक्ति का चुन्नी से फंदा लगाकर जान दे दी। शव बरामदे में पड़ा हुआ था। चुन्नी का एक हिस्सा व्यक्ति के गले में बंधा हुआ था तो दूसरा हिस्सा पंखे की कुंडी से बंधा हुआ था। पुलिस ने मामले में 174 के तहत कार्रवाई कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया।
रात को पत्नी से हुआ था झगड़ा
रामपुरा कालोनी निवासी चरणजीत उर्फ बिल्लू (47) वेल्डर का काम करता था। मृतक के बेटे नीरज ने बताया कि वह शराब पीने का आदी था। शराब पीने का विरोध करने पर उसकी मां के साथ वह कई बार झगड़ा कर चुका था। शनिवार रात को भी वह शराब पीकर घर आया तो उसकी मां ने उसका विरोध किया। जिसके बाद दोनों में झगड़ा हो गया। जब उन्होंने उसे समझाया तो उसने उनके साथ भी झगड़ा किया। लेकिन कुछ देर बाद मामला शांत हो गया। रात को खाना खाने के बाद वे कमरे में जाकर सो गए। सुबह करीब जब सात बजे वे उठे तो उनका शव बरामदे में पड़ा हुआ था। गले में चुन्नी का फंदा लगा हुआ था। जबकि चुन्नी का एक हिस्सा पंखे की कुंडी से बंधा हुआ था।
आशंका जताई जा रही है कि जब उसने फंदा लगाया तो चुन्नी बीच से टूट गई। शव देखकर उसकी मां चिल्लाई तो आस-पास के लोग इकट्ठा हो गए। इसकी सूचना रामपुरा चौकी को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
चौकी इंचार्ज कुशलपाल का कहना है कि रामपुरा में सुसाइड होने की सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी। परिजनों के अनुसार मृतक शराब पीने का आदी थी। सुसाइड करने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।