चंडीगढ़। लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता एवं इंजीनियर सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताते हुए समाजसेवी विक्रम सिंह पुंडीर शनिवार को सेक्टर-17 प्लाजा में एक दिन की भूख हड़ताल पर बैठे। उन्होंने नीलम सिनेमा के सामने पीपल के पेड़ के नीचे शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन करते हुए हाथ में सोनम वांगचुक की तस्वीर लेकर उनके बेहतर इलाज और सुरक्षा की मांग उठाई। पुंडीर ने कहा कि लंबे समय तक अनशन करने से वांगचुक की सेहत प्रभावित हुई है। पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा और लद्दाख के लोगों के अधिकारों के लिए उनका योगदान महत्वपूर्ण है, इसलिए सरकार को उनके स्वास्थ्य को लेकर गंभीरता दिखानी चाहिए। प्रदर्शन की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से अपना धरना जारी रखा।