चंडीगढ़। सेक्टर-44डी स्थित एक मकान में शनिवार सुबह पंजाब स्कूल एजुकेशन बोर्ड (पीएसईबी) से सेवानिवृत्त जसमेर कौर का शव बाथरूम में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर सेक्टर-34 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच-32 की मोर्चरी में रखवा दिया।
जसमेर कौर के घर में माली का काम करने वाले बुड़ैल निवासी रामफेर शनिवार सुबह रोजाना की तरह करीब आठ बजे उनके घर पहुंचे। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने पर भी अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर उन्होंने पड़ोसी राज कुमार को सूचना दी। इसके बाद पड़ोसियों की मदद से घर के अंदर प्रवेश किया गया। कमरों की तलाशी के दौरान बाथरूम का दरवाजा खोलने पर जसमेर कौर फर्श पर बेसुध अवस्था में पड़ी मिलीं। सूचना मिलते ही सेक्टर-34 थाना प्रभारी शादी लाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। महिला को तत्काल जीएमसीएच-32 ले जाया गया डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि जसमेर कौर के पति का पहले ही निधन हो चुका था। उनकी गोद ली हुई संतान विदेश में रहती है और वह लंबे समय से घर में अकेली रह रही थीं। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट या अन्य संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल सेक्टर-34 थाना पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।