सुनाम में बेटी तनवी के जन्म पर खुशी मनाता दीपक का परिवार
- फोटो : अमर उजाला
बेटी पैदा होने पर जिस मोहल्ले में सन्नाटा पसर जाता था वहां आज ऐसी रौनक और जश्न का माहौल था कि सब हैरत में थे। दीपक के यहां बेटी पैदा होने पर मनाई जा रही खुशी को देखकर लोग हैरान थे।
दलित परिवार की इस अनोखी पहल ने पड़ोसियों के भीतर भी बेटियों को सम्मान और ताकत देने का हौसला भर दिया और इलाके में दीपक के परिवार के इस एक कदम को भविष्य में बड़े कारवां बनने के रूप में देखा जा रहा है।
वार्ड नंबर 20 में श्री हनुमान मंदिर के पास रहने वाले दीपक कुमार (फर्निचर कारीगर) के यहां 25 दिसंबर को बेटी ‘तनवी’ पैदा हुई है। दीपक की पत्नी ममता रानी से लेकर दीपक के पिता हरी कृष्ण, माता कैलाशो देवी, भाई संदीप कुमार और अन्य परिवार के सदस्यों का खुशी का ठिकाना नहीं है। बेटी के जन्म के सवा माह पूरे होने पर परिवार तनवी के जन्म की खुशियां मना रहा है। मिठाइयां बांटने के अलावा ढोल नगाड़े बजाए जा रहे हैं और बेटा होने पर जो धार्मिक रस्में निभाई जाती हैं, वो तमाम निभाई जा रही हैं।