हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (हुडा) को पिंजौर और करनाल में प्लॉटों के लिए करीब 1.25 लाख आवेदन मिले हैं। पहले चरण में इसके लिए काफी कम आवेदन मिले थे, जिसे देखते हुए आवेदन की तारीख बढ़ाकर 30 मई कर दी गई थी।
इससे पहले यह तारीख 28 अप्रैल थी। प्रॉपर्टी डीलरों का मानना है कि प्लॉटों की अधिक कीमत होने के कारण आवेदनों की संख्या कम रही है।
हुडा के करनाल और पिंजौर में करीब 1250 प्लाटों के लिए आवेदन मांगे थे, लेकिन अधिक कीमत होने के कारण उम्मीद के मुताबिक आवेदन नहीं आए।
इस वजह से ही आवेदन की तारीख भी बढ़ानी पड़ी। अलग-अलग प्लॉट साइज के लिए आवेदन तो मांगे गए, लेकिन आवेदकों के दिमाग में इस बात पर संशय की स्थिति बनी रही कि नए विकसित होने वाले सेक्टरों के लिए इतनी कीमत क्यों रखी गई है?
आवेदन अधिक से अधिक मिले, इसके लिए करीब एक दर्जन बैंकों को भी फाइनेंस के लिए अधिकृत कर दिया गया। इसके बावजूद पूरे प्रदेश से सिर्फ 1.25 लाख आवेदन ही मिले।
हुडा सूत्रों के मुताबिक, प्लॉटों के मिलने वाले आवेदनों की संख्या को अगले सप्ताह तक सूचीबद्ध किया जा सकता है।